यमुना नदी पर बने नए रेलवे पुल को चालू करने के लिए 1 जून को 12 घंटे के लिए जगाधरी से सहारनपुर के बीच ट्रेनों की आवाजाही बंद रहेगी।
इसके चलते जगाधरी से अंबाला और सहारनपुर जाने वाली सभी ट्रेनें रद्द रहेंगी। इस दिन सुबह 7 बजे से लेकर शाम 7 बजे तक कोई भी ट्रेन न तो जगाधरी स्टेशन पर आएगी और न ही जाएगी।
गौरतलब है कि कलानौर स्थित यमुना नदी पर बना रेलवे लाइन पुल पिछले साल बाढ़ के कारण ढह गया था। इसके चलते करीब तीन दिन तक जगाधरी रेलवे स्टेशन से ट्रेनों का आवागमन बंद रहा था। बाद में रेलवे ने अस्थायी पुल बनाकर रेल यातायात चालू कर दिया था साथ ही स्थायी पुल का निर्माण शुरू कर दिया था। अब रेलवे नए पुल को प्रयोग में लाना चाहता है, जिस कारण 1 जून को 12 घंटे का ब्लॉक लिया गया है।
यात्रियों के पास ये दो विकल्प
एक जून के लिए रेलवे ने आरक्षित टिकट पर ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए कोई वैकल्पिक प्रबंध नहीं किया है। ट्रेनों में पहले से ही रिजर्वेशन करवा चुके यात्रियाें की ट्रेन यदि रद्द नहीं हुई तो उनके पास दो विकल्प होंगे। एक या तो उन्हें अपनी ट्रेन अंबाला सहारनपुर से पकड़नी पड़ेगी अन्यथा अपना रिजर्वेशन रद्द करवाना होगा।
सत्रह सवारी गाड़ियां रहेंगी रद्द
सहारनपुर से नंगलडैम सवारी गाड़ी, लखनऊ-चंडीगढ़ सुपर फास्ट एक्सप्रेस, दिल्ली-अंबाला कैंट, कालका-दिल्ली सवारी गाड़ी रद्द की गई है। वहीं मेरठ से अंबाला जाने वाली सवारी गाड़ी, दिल्ली-अंबाला पैसेंजर, सहारनपुर से अंबाला और अंबाला से सहारनपुर के बीच ही रद्द रहेंगी। अंबाला से नई दिल्ली जाने वाली एक्सप्रेस गाड़ी भी दोनों तरफ रद्द रहेंगी। इसके अतिरिक्त ऋषिकेश-श्रीगंगानगर इंटरसिटी एक्सप्रेस ऋषिकेश से अंबाला और अंबाला से ऋषिकेश के बीच रद्द रहेगी। दोपहर वाली लखनऊ चंडीगढ़ सद्भावना एक्सप्रेस सहारनपुर से चंडीगढ़ के बीच दोनों तरफ से रद्द रहेगी। लखनऊ चंडीगढ़ सुपर फास्ट एक्सप्रेस भी सहारनपुर से चंडीगढ़ के बीच दोनों तरफ रद्द रहेगी। जालंधर से दिल्ली जाने वाली एक्सप्रेस गाड़ी डाउन साइड में रद्द रहेगी।
बदले रूट : लंबी दूर तय करने वाली और महत्वपूर्ण करने वाली गाड़ियों के रूट में भी परिवर्तन किया गया है। दरभंगा से अमृतसर मुरादाबाद से होते हुए दिल्ली और पानीपत कुरुक्षेत्र होते हुए अंबाला पहुंचेगी, जबकि अमृतसर से दरभंगा जाने वाली जनसेवा एक्सप्रेस अंबाला से दिल्ली होते हुए वाया मुरादाबाद दरभंगा जाएगी। कालका दिल्ली सवारी गाड़ी इस दिन गाजियाबाद, मेरठ, मुज्जफरनगर, सहारनपुर न होते हुए दिल्ली से पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र होते हुए अंबाला पहुंचेगी और कालका के लिए रवाना होगी।