संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार पर लगाम लगा दी है। हालांकि अभी ज्यादा कोहरा नहीं है। इसके बावजूद ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों की देरी से चल रही हैं। ट्रेनों के देरी से चलने के कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को सर्द रातों में प्लेटफार्म पर बैठकर ट्रेनों का इंतजार करना पड़ रहा है।
इस दौरान शालीमार मालनी एक्सप्रेस अपने समय से पौने पांच घंटे की देरी से पहुंची। इसके अलावा आधा दर्जन गाड़ियां अपने निर्धारित समय से लेट रहीं। यात्रियों की सर्द रातें प्लेटफार्म पर ट्रेनों के इंतजार में बितानी पड़ रही हैं। इस दौरान सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों व बुजुर्गों के साथ सफर करने वाले लोगों को हो रही है।
एक तरफ जहां यात्रियों को ट्रेन का लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं, वे अपने गंतव्य पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। यही नहीं देरी से चल रही गाड़ियाें का असर दूसरी ट्रेनों पर भी पड़ रहा है। इससे दूसरी ट्रेनों के संचालन में भी दिक्कत हो रही है। चूंकि बे-टाइम पहुंची ट्रेन को स्टेशन पर जगह देने के लिए दूसरी गाड़ियों का प्लेटफार्म बदलना पड़ रहा है।
वहीं ट्रेनों को निर्धारित से अधिक समय रोकना पड़ रहा है। इससे अन्य ट्रेनों पर भी इसका प्रभाव है। यमुनानगर जगाधरी स्टेशन से जिले के अलावा हिमाचल प्रदेश के सिरमौर, कालाआंब, पांवटा, नाहन के साथ उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के अलावा लाडवा तक के लोग ट्रेन पकड़ने आते हैं। दूर से आने वाले लोगों को ट्रेन के इंतजार में रात स्टेशन पर ही काटनी पड़ रही है।
इस दौरान जम्मूतवी से चलकर बाड़मेर जाने वाली गाड़ी संख्या 14662 शालीमार मालनी एक्सप्रेस सबसे लेट रही है। शालीमार एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से पौने पांच घंटे लेट रही है। यह ट्रेन सुबह छह बजकर 23 मिनट बजे यमुनानगर जगाधरी स्टेशन पर पहुंचती है। परंतु शुक्रवार को यह ट्रेन 11 बजकर 0 9 पर पहुंची। गाड़ी संख्या 15211 दरभंगा अमृतसर जननायक एक्सप्रेस अपने समय से एक घंटा 50 मिनट लेट रही।इसी तरह बाड़मेर से जम्मूतवी जाने वाली गाड़ी संख्या 14661 अपने निर्धारित समय से 40 मिनट लेट रही। इसी तरह गाड़ी संख्या 18238 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस एक घंटे की देरी से पहुंची। हावड़ा से चलकर अमृतसर जाने वाली गाड़ी संख्या 13005 हावड़ा मेल 30 मिनट और गाड़ी संख्या 13005 अपने समय से 15 मिनट लेट रही। गाड़ी संख्या 13307-08 फिरोजपुर धनबाद गंगा सतलुज एक्सप्रेस अपने समय से 10 मिनट लेट रही।