यमुनानगर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात थाना पुलिस ने चिह्नित ब्लैक स्पॉटों पर संकेतक बोर्ड लगाने का अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को चांदपुर बाईपास पुल के पास संकेतक बोर्ड लगाए गए। यह स्थान ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित है, जहां पिछले एक वर्ष में 14 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें तीन लोगों की मौत और 10 लोग घायल हुए थे।
यातायात थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि पहले चांदपुर बाइपास पुल के पास ग्रिल नहीं होने के कारण लोग अवैध रूप से सड़क पार करते थे। इस समस्या को सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उठाया गया, जिसके बाद लोक निर्माण विभाग द्वारा यहां ग्रिल लगवाई गई। अब दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने चेतावनी व दिशा-निर्देश वाले संकेतक बोर्ड लगाए हैं।
उन्होंने बताया कि ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे यहां वाहन खड़ा कर सवारी न बैठाएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संकेतकों पर रास्ता 100 मीटर आगे है और ई-रिक्शा व ऑटो यहां खड़ा न करें जैसे संदेश लिखे गए हैं। पुलिस लगातार लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर रही है। ट्रैफिक इंचार्ज ने लोगों से भी अपील की है कि सड़क पार करने के लिए उचित रास्ते का प्रयोग करें और अपनी जिंदगी को खतरे में न डालें।