प्रतापनगर। हथिनीकुंड तिकोना चौक पर गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्राॅली को खनन सामग्री से भरे ट्राले ने टक्कर मार दी। टक्कर से ट्रैक्टर ट्राॅली गहरी खाई में जा गिरी। गनीमत रही कि समय रहते ही चालक ट्रैक्टर से कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई। खाई में गिरने से ट्रैक्टर ट्राली पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और गन्ना बर्बाद हो गया। हाइड्रा की मदद से ट्रैक्टर ट्राॅली बाहर निकाली गई।
उत्तर प्रदेश के आलमपुर गांव से ट्रैक्टर चालक इनाम गन्ने से भरी ट्राॅली लेकर व्यासपुर जा रहा था। जब वह हथिनीकुंड बैराज की ओर से आने वाले रास्ते से नेशनल हाईवे पर चढ़ने लगा तो हिमाचल प्रदेश की ओर से आ रहे खनन सामग्री से भरे ट्राले ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर से चालक का ट्रैक्टर से संतुलन बिगड़ गया, जिससे मोड़ पर ही ट्रैक्टर-ट्रॉली गहरी खाई में जा गिरी।
ट्रैक्टर चालक इनाम ने बताया कि जैसे ही तेज रफ्तार ट्राॅले ने ट्राॅली में पीछे से टक्कर मारी तो ट्रैक्टर खाई में गिरने लगा और उसने तुरंत ही छलांग लगा दी। छलांग लगाने से उसकी जान बच गई और ट्रैक्टर-ट्राॅली गहरी खाई में जा गिरी। क्रेन की मदद से ट्रैक्टर-ट्राॅली बाहर निकाली गई।