जगाधरी। गांव रसूलपुर में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत ग्रामीणों ने भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान यमुनानगर के निदेशक रवि प्रकाश गोयल ने ग्रामीणों को ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों का महत्व समझाया।
निदेशक गोयल ने कहा कि भ्रष्टाचार देश की प्रगति में बड़ी बाधा है। इसे समाप्त करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने दैनिक जीवन में ईमानदारी और सत्यनिष्ठा अपनानी होगी। सतर्कता का अर्थ केवल भ्रष्टाचार के प्रति सचेत रहना नहीं, बल्कि अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक होना भी है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि समाज में पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देकर ही भ्रष्टाचार मुक्त वातावरण तैयार किया जा सकता है। इस दौरान उन्होंने पीएनबी आरएसईटीआई की ओर से ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को दिए जा रहे नि:शुल्क कौशल प्रशिक्षण की जानकारी भी दी।
उन्होंने बताया कि संस्थान में विभिन्न व्यवसायों से जुड़े प्रशिक्षण देकर युवाओं को स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाया जाता है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवा अपना काम शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से आसपास के युवाओं और महिलाओं को इन प्रशिक्षण योजनाओं से जोड़ने की अपील की ग्रामीणों ने ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।