संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। अब मीराबाई मार्केट के दुकानदारों व खरीदारी करने आने वाले लोगों को शौचालय के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। नगर निगम ने मीराबाई मार्केट में पुरुष व महिलाओं के लिए अलग अलग शौचालयों का निर्माण करवा दिया है।
विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, मेयर सुमन बहमनी व पार्षद मनु कृष्ण सिंगला ने शौचालयों को मीरा बाई मार्केट एसोसिएशन के हवाले कर दिया। विधायक अरोड़ा व मेयर बहमनी ने शौचालयों की चाबी मार्केट प्रधान प्रेम सागर शर्मा, नरेश सागर व अन्य पदाधिकारियों को सौंपी। मीरा बाई बाजार में शौचालय बनने से दुकानदारों में खुशी का माहौल है।
मीरा बाई मार्केट में केवल एक शौचालय था। वह भी कंडम हालात में था। शौचालय न होने से दुकानदारों, दुकानों पर काम करने वाली लड़कियों, महिलाओं व मार्केट में आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। अधिकतर लोगों को नगर निगम कार्यालय के शौचालयों में आना पड़ता था। शौचालय बनाने की मांग कुछ माह पहले मार्केट प्रधान व दुकानदारों ने मेयर सुमन बहमनी के समक्ष रखी थी। मेयर बहमनी ने तुरंत निगम अधिकारियों को शौचालयों का निर्माण करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद मार्केट में महिलाओं व पुरुषों के लिए दो अलग अलग शौचालयों का निर्माण कराया गया। बुधवार शाम को विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, मेयर सुमन बहमनी ने शौचालयों की चाबियां मार्केट प्रधान के हवाले कर दी।
विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि शहर की स्वच्छता के लिए ट्विनसिटी में सार्वजनिक, पब्लिक व सामुदायिक शौचालय बनाए गए है। शौचालयों की देखरेख करना हम सबकी जिम्मेवारी है। मौके पर भाजपा जिला महामंत्री कृष्ण सिंगला, नगर निगम कनिष्ठ अभियंता नरेंद्र गुंदल, सफाई निरीक्षक सुशील कुमार आदि मौजूद रहे।