संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले के सरकारी, एडेड व राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) और कॉलेजों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 जून है। ऐसे में विद्यार्थियों के पास मंगलवार तक ही मौका रहेगा। अंतिम दिन आवेदन पोर्टल पर विद्यार्थियों की भीड़ बढ़ने की संभावना है। हालांकि अब तक अपेक्षा के अनुरूप आवेदन नहीं आने के कारण अंतिम तिथि बढ़ाए जाने की भी संभावना जताई जा रही है।
जिले के 12 कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों की कुल 7,258 सीटों पर दाखिले होने हैं। इनमें बीए, बीकॉम, बीबीए, बीसीए, बीएससी लाइफ साइंस, बीएससी फिजिकल साइंस और बीकॉम कंप्यूटर एप्लीकेशन समेत अन्य कोर्स में दाखिले होने हैं। वहीं जिले की सात राजकीय आईटीआई में विभिन्न ट्रेडों की करीब 2,700 सीटों पर भी प्रवेश प्रक्रिया जारी है। कॉलेजों और आईटीआई प्रशासन का मानना है कि अधिकांश विद्यार्थी अंतिम दिन आवेदन करते हैं, इसलिए मंगलवार को आवेदन संख्या में तेजी आ सकती है।
इसके बावजूद यदि सीटों के अनुपात में आवेदन कम रहे तो उच्च शिक्षा विभाग अंतिम तिथि बढ़ाने पर विचार कर सकता है। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से जारी प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार आवेदन करने के बाद अभ्यर्थी एक जुलाई तक अपने आवेदन पत्र में संशोधन कर सकेंगे। इसके बाद दो जुलाई को त्रुटिपूर्ण एवं आपत्तियों वाले आवेदनों की सूची जारी की जाएगी।
कॉलेज स्तर पर छह जुलाई तक दस्तावेजों का सत्यापन और आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा। आठ जुलाई को मेरिट सूची के लिए पात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी होगी। इसके बाद नौ जुलाई को पहली प्रोविजनल मेरिट सूची और 10 जुलाई को अंतिम मेरिट सूची प्रकाशित की जाएगी।
पहली मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थियों को 11 से 15 जुलाई के बीच निर्धारित शुल्क जमा कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम समय तक इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि तकनीकी समस्याओं से बचा जा सके और दाखिले में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कॉलेजों में दाखिला लेने के लिए विभाग ने 30 जून आखिरी तारीख निर्धारित कर रखी है। यदि आवेदन कम रहते हैं तो दाखिले की तारीख आगे बढ़ाने का विचार विभाग ही करता है। कॉलेजों में हेल्प डेस्क भी लगाए गए हैं। - सुमन भाटिया, जिला उच्च शिक्षा अधिकारी, यमुनानगर।