यमुनानगर। करोड़ों रुपये की लागत से बने मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल और सिविल सर्जन कार्यालय भवन की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। वीरवार को सिविल सर्जन कार्यालय की दीवार से अचानक टाइलें गिर गईं।
राहत की बात यह रही कि घटना के समय नीचे कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। करीब 105 करोड़ रुपये की लागत से बने इस भवन में टाइलें गिरने की यह पहली घटना नहीं है। जिला नागरिक अस्पताल की दीवारों से पिछले तीन वर्षों में आठ बार टाइलें गिर चुकी हैं। अब सिविल सर्जन कार्यालय की दीवार से टाइलें गिरने के बाद भवन निर्माण की गुणवत्ता को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं।
अस्पताल परिसर में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज, तीमारदार और कर्मचारी आते-जाते हैं। ऐसे में दीवारों से टाइलें गिरना लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। उधर, अस्पताल की तरफ से जानकारी संबंधित विभाग को दे दी गई है। जल्द ही मौके का निरीक्षण कर मरम्मत कार्य कराया जाएगा ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।