संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। स्वास्थ्य विभाग की पीएनडीटी टीम ने शुक्रवार को भ्रूण लिंग जांच करने वाले गिरोह को पकड़ा। पीएनडीटी के नोडल अधिकारी डॉ. विपिन गोंदवाल के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। देर शाम तक पुलिस थाना सदर यमुनानगर में आरोपियों से पूछताछ हो रही थी।
सूचना के आधार पर भ्रूण लिंग जांच के लिए पीएनडीटी टीम ने पांजूपुर क्षेत्र में डिकोय महिला को भेजा था। महिला तीन घंटे से अधिक समय तक आरोपी का इंतजार करती रही, लेकिन आरोपी मौके पर नहीं पहुंचा। बाद में आरोपी ने डिकोय को अंबेटा चांदपुर स्थित अपने घर बुलाया। यहां भ्रूण लिंग जांच करने वाले ने गर्भ में जुड़वा बच्चे होने की बात कही।
आरोप है कि एक बच्चे का लिंग बताने के बदले 30 हजार रुपये लिए गए और दूसरे बच्चे का लिंग बताने के लिए अतिरिक्त 30 हजार रुपये की मांग की गई। इसके बाद डिकोय महिला वापस टीम के पास पहुंची और पूरी जानकारी अधिकारियों को दी। टीम ने महिला को दोबारा 30 हजार रुपये देकर आरोपी के पास भेजा।
आरोपी महिला को लेकर देवबंद पहुंचा, जहां एक कमरे में पोर्टेबल मशीन, टेबलेट मशीन और वाईफाई उपकरण की मदद से अल्ट्रासाउंड किया गया। जांच के दौरान आरोपी ने गर्भ में लड़का होने की बात बताई। इसी दौरान पहले से निगरानी कर रही पीएनडीटी टीम ने मौके पर दबिश देकर देवबंद के गांव बंधेड़ा निवासी अजीम को पकड़ लिया।
वहीं अंबेटा चांदपुर निवासी बीना उर्फ सुमन को भी हिरासत में लिया गया। टीम और पुलिस दोनों आरोपियों को पकड़कर देर शाम थाना सदर यमुनानगर पहुंची। डॉ. विपिन गोंदवाल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज करवा दी गई है।