संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। तिलक राज प्रबंधक एवं तकनीकी संस्थान (टीआईएमटी) के कंप्यूटर एप्लीकेशन विभाग ने बीसीए और एमसीए प्रथम वर्ष के छात्रों के लिए फ्रेशर्स पार्टी रंग-ए-आगाज कार्यक्रम किया। कार्यक्रम मुकंद लाल नेशनल कॉलेज के सभागार में हुआ। इसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, खेलों और मनोरंजक गतिविधियों ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।
इसमें विद्यार्थियों को विभिन्न टाइटल दिए गए। बीसीए में तिजिल बुद्धिराजा को मिस्टर और प्रेरणा को मिस फ्रेशर चुना गया। वहीं गुरशीश सिंह को मिस्टर और तवलीन कौर को मिस ईव चुना गया। एमसीए में अंकुश को मिस्टर और ईशा को मिस फ्रेशर और तान्या चड्ढा को मिस पंचुअल के खिताब से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत बीसीए पांचवें सेमेस्टर की छात्रा केशवी की गणेश वंदना से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल करवाए गए। खेलों से नए विद्यार्थियों को वरिष्ठ विद्यार्थियों और प्राध्यापकों से संवाद का अवसर मिला। कार्यक्रम में एमसीए प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने रैंप वॉक प्रस्तुत किया। बीसीए अंतिम वर्ष के छात्र राजेश ने रैंप जबकि बीसीए द्वितीय वर्ष की छात्रा अनुष्का ने एकल नृत्य प्रस्तुत किया। इसके अलावा कंचन और हिमांशी ने युगल नृत्य पेश किया। भव्य और हार्दिक ने भांगड़ा प्रस्तुत कर समां बांधा। जसविंद्र और उनकी टीम के समूह नृत्य के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का समापन हुआ।
संस्थान निदेशिका प्रो. डॉ. शैली गुप्ता ने विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बधाई दी और कहा कि ऐसे कार्यक्रम आत्मविश्वास, रचनात्मकता और आपसी मेलजोल बढ़ाने में सहायक होते हैं। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन में विद्यार्थियों, वरिष्ठ छात्रों और प्राध्यापकों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में संगीत व मनोरंजन सत्र हुआ, जिसमें वरिष्ठ और कनिष्ठ विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।