डेबिट कार्ड बदलकर ठगों ने विजय नगर कालोनी निवासी मैनपाल के खाते से 34 हजार रुपये साफ कर दिए। उनकी शिकायत पर शहर जगाधरी थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज किया।
मैनपाल वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बूड़िया चौक स्थित केनरा बैंक के एटीएम से रुपये निकलवाने के लिए गया था। यहां से वह छह हजार रुपये निकालकर बाहर निकले। तभी एटीएम के अंदर दो युवक घुसे। इन युवकों ने कहा कि अभी डेबिट कार्ड बंद नहीं हुआ है। इस तरह से मदद के बहाने युवकों ने उसे बातों में उलझा लिया और धोखे से उसका डेबिट कार्ड बदल लिया। इसका पता तब लगा जब उनके खाते से अलग-अलग कर तीन बार में 34 हजार रुपये निकाले गए। जिस पर वह तुरंत बैंक में गए और डेबिट कार्ड को ब्लाक कराया। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में दो अज्ञात युवकों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।