संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। दिवाली की रात शहर के आजाद नगर में हुड़दंग का विरोध करना तीन युवकों को भारी पड़ गया। आरोप है कि गली में कार खड़ी कर तेज आवाज में गाने बजाते हुए शराब पी रहे युवकों ने दिवाली की शुभकामनाएं देने पहुंचे तीन युवकों पर हमला कर दिया। घायलों को जिला नागरिक अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया गया। गर्दन पर चोट लगने से घायल विशाल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
शिकायतकर्ता यशपाल के अनुसार कुछ युवक गली में कार खड़ी कर शराब पी रहे थे और तेज आवाज में गाने बजा रहे थे। आरोप है कि युवक महिलाओं की ओर अश्लील इशारे भी कर रहे थे। इस पर विरोध किया तो विवाद शुरू हो गया। यशपाल ने रात करीब 11:15 बजे डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को समझाकर चली गई, लेकिन आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद भी उनका हुड़दंग जारी रहा।
इसी दौरान यशपाल के बेटे के दोस्त हर्ष, चंदन और विशाल रिश्तेदारों को दिवाली की बधाई और मिठाई देने पहुंचे थे। आरोप है कि रास्ते में युवकों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान कटर से हमला कर तीनों को घायल कर दिया। विशाल के गले पर कटर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
यशपाल ने आरोपियों से परिवार की जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। घायल पक्ष का कहना है कि वे केवल दिवाली की शुभकामनाएं देने गए थे, लेकिन उन पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। मामले की जांच कर रहे थाना रामपुरा चौकी इंचार्ज तरसेम कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।