संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। कैल गांव में 14 अप्रैल को होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली की सुरक्षा का जिम्मा 10 एसपी, 29 डीएसपी और तीन हजार पुलिसकर्मियों के कंधों पर रहेगा। इसके अलावा पंडाल में लगभग 70 हजार से अधिक बैठने की व्यवस्था की जा रही है। रैली स्थल में वाहनों के लिए तीन जोन में पार्किंग को बांटा गया है।
इसके लिए 170 एकड़ जगह अधिगृत की गई है। इसमें मेन मैन्यू का एरिया 40 एकड़ रहेगा तथा 96 एकड़ में पार्किंग रहेगी। इसमें जनता की पार्किंग एक मुख्य हाईवे सहारनपुर 60 एकड़ निर्धारित की है। इसमें करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद व पलवल की तरफ से आने वाले वाहन खड़े किए जाएंगे। इसी तरह अंबाला, पंचकूला और कैथल वाया दोसड़का तथा थाना छप्पर के लिए नये छछरौली रोड पर रहेगी।
वहीं इसी रोड के सामने यमुनानगर जिले से आने वाले वाहनों को खड़ा किया जाएगा। यह जानकारी डीसी पार्थ गुप्ता ने प्रेसवार्ता में दी। डीसी ने बताया कि तीन जोन में बंटी पार्किंग में पीने के पानी की व्यवस्था, मेडिकल चेक पोस्ट, पुलिस पोस्ट, सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा लौटते समय लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है।
वहीं यातायात को कंट्रोल करने के लिए 22 नाके बनाए गए हैं। डायवर्जन रूट प्लान भी बनाया गया है। इसके अलावा 12 व 13 को ड्रेस रिहर्सल होगी। डीसी ने बताया कि रैली स्थल के अलावा स्वास्थ्य विभाग की 25 एंबुलेंस का प्रबंध रहेगा। जहां-जहां ये एंबुलेंस होगी, वहां मेडिकल चेक पोस्ट भी रहेगी।
इसके अलावा दमकल विभाग की तरफ से 20 गाड़ियां अलग-अलग जगहों पर तैनात की जाएगी तथा 70 से ज्यादा आग बुझाने के अग्निशमन यंत्र रैली स्थल पर लगाए जाएंगे। इसके अलावा जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से पीने के पानी के कैंपर, वाटर टैंकर, पीने के लिए पेपर गिलास इत्यादि का बंदोबस्त किया गया है। जिस मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रैली को संबोधित करेंगे, वहां वीरवार को ही दो पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है।
सीएम से लेकर कैबिनेट मंत्री कर चुके दौरा
पीएम मोदी के रैली को लेकर जहां स्थानीय प्रशासन अलर्ट है, वहीं रैली की तैयारियों में कोई कमी न रह जाए, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से लेकर प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, ऊर्जा मंत्री अनिल विज, सांसद नवीन जिंदल तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर तक के मंत्री भी रैली स्थल का दौरा कर चप्पे-चप्पे पर नजर गड़ाए हुए है। अभी तक जितने भी मंत्रियों ने रैली स्थल का दौरा किया सभी ने अपने-अपने स्तर पर व्यवस्थाओं में बदलाव कराया है।