छप्पर थाना पुलिस ने लगभग 25 हजार दो सौ क्विंटल धान गबन के आरोप में तीन राइस मिल संचालकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। धान की कीमत पौने चार करोड़ की बताई गई है।
पुलिस ने मामले की कार्रवाई हरियाणा स्टेट वेयर हाउसिंग कारपोरेशन के जिला प्रबंधक अजय कुमार की शिकायत पर की। मामले में अभी किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। वेयर हाउसिंग कारपोरेशन के जिला प्रबंधक अजय कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कारपोरेशन की ओर से वानिला राइस मिल, सदाराम सोमनाथ राइस मिल और गणपति इंटरप्राइजिज मिल मुस्तफाबाद को 13 लाख 73 हजार 362 क्विंटल 35 किलो धान सप्लाई की थी।
आठ और नौ नवंबर को उन्हाेंने तीनों राइस मिलों में सप्लाई की गई धान की जांच की गई। जांच में वानिला राइस मिल में 2264 क्विंटल, सदाराम सोमनाथ राइस मिल में 12747 क्विंटल और गणपति इंटरप्राइजिज मिल में 10398 क्विंटल धान कम पाई गई।
कारपोरेशन के जिला प्रबंधक अजय कुमार का आरोप है कि तीनों मिल संचालकों ने वेयर हाउसिंग कारपोरेशन की 25 हजार दो क्विंटल साठ किलोग्राम धान गबन करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि गबन की गई धान की कुल कीमत पौने चार करोड़ रुपये है। जांच करने के बाद उन्होंने इसकी शिकायत छप्पर पुलिस को दी।
छप्पर पुलिस ने कार्पोरेशन के जिला प्रबंधक अजय कुमार की शिकायत पर तीनों राइस मिलसंचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। जांच अधिकारी एसआई ओमप्रकाश का कहना है कि मामला दर्जकर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।