यमुनानगर। ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे एडीजे अमरेंद्र शर्मा के ड्राइवर वसीम के सिर में तीन बदमाशों ने ईंट से वार कर तीन हजार रुपये लूट लिए। आरोपियों ने रेलवे रोड पर सफायर होटल के पास ड्राइवर वसीम की बुलेट के आगे एक्टिवा अड़ाकर रोका। इसके बाद बदमाशों ने उससे मारपीट की और उसके सिर में ईंट से वार कर घायल कर दिया। बदमाश उसकी बुलेट की चाबी निकाल कर फरार हो गए। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। पुलिस ने अज्ञात तीन युवकों पर लूट का केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
गांव लापरा निवासी वसीम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह डीसी रेट पर अमरेंद्र शर्मा एडीजे अदालत जगाधरी के पास बतौर ड्राइवर नौकरी कर रहा है। मंगलवार को वह हर रोज की तरह ड्यूटी से छुट्टी करके अपनी बुलेट बाइक पर सवार होकर अपने गांव लापरा जा रहा था। रात करीब नौ बजे जब वह रेलवे रोड पर सफायर होटल के पास लाल बत्ती पर पहुंचा तो उसी समय पीछे यमुनानगर से एक्टिवा पर सवार होकर तीन युवक आए। आते ही आरोपियों ने उसकी बुलेट के आगे एक्टिवा अड़ाकर उसे रोक लिया। इसके बाद तीनों आरोपी युवकों ने एक्टिवा से उतरकर उसको गले से पकड़कर मारपीट करनी शुरू कर दी।
एक युवक ने ईंट उठाकर उसके सिर में मारी। उसके सिर में पीछे की तरफ ईंट लगी, जिसके बाद वह बाइक समेत नीचे गिर गया। इसके बाद भी आरोपी युवक उसके साथ मारपीट करते रहे। इसी दौरान आरोपियों ने उसकी पेंट की जेब से तीन हजार रुपये निकाल लिए। एक युवक ने उसकी बाइक की चाबी निकाल ली। उसने शोर मचाया। उसी समय उसका बड़ा भाई नदीम कपिल अस्पताल के पास अपनी चाय की दुकान से उसके पास पहुंचा। उसके भाई ने अन्य राहगीरों की मदद से उसे बचाया। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। जांच अधिकारी एसआई सतपाल सिंह का कहना है कि तीन अज्ञात युवकों पर केस दर्जकर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द आरोपियों का पता कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।