संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। राजकीय महाविद्यालय छछरौली में यूजी के तीन रोजगारपरक विषय पढ़ाए जा रहे हैं। इनकी विद्यार्थियों में काफी मांग है। वहीं महाविद्यालय में कराए जा रहे सात कोर्स में कुल 900 सीटें उपलब्ध हैं।
केंद्रीय माध्यमिक व हरियाणा बोर्ड का परिणाम आने के बाद विद्यार्थी अगले पड़ाव के लिए तैयार हो रहे हैं। विद्यार्थियों का लक्ष्य मनपसंद संस्थान व कोर्स में दाखिला लेना है। वहीं उच्चतर शिक्षा विभाग ने भी दाखिले के लिए पोर्टल खोल दिया है। पोर्टल के दाखिला शेड्यूल के अनुसार विद्यार्थी 31 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस बार विद्यार्थियों में सामान्य के बजाय रोजगारपरक कोर्स में अधिक रूचि है और इसके लिए वे महाविद्यालयों में जानकारी ले रहे हैं।
राजकीय महाविद्यालय छछरौली जिले का सबसे बड़ा राजकीय संस्थान है और सबसे ज्यादा विद्यार्थी इसमें पढ़ रहे हैं। इस कॉलेज में रोजगारपरक तीन विशेष कोर्स करवाए जा रहे हैं। इसमें बीसीए, बीबीए और बीटीटीएम शामिल हैं। यह कोर्स करने वालों के लिए वैश्विक बाजार में काफी मांग है। यह कोर्स करके विद्यार्थी अपने सुनहरे भविष्य का सपना पूरा कर सकते हैं।
वहीं इस राजकीय महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की सुविधा की सभी बंदोबस्त हैं। इसके साथ ही पिछले वर्ष छछरौली कॉलेज का चयन आदर्श संस्कृति महाविद्यालय के लिए किया गया है। यह दर्जा मिलने के बाद विद्यार्थियों को और भी बेहतरीन सुविधाएं मिलने लगेंगी।
प्राध्यापक संजीव कुमार ने बताया कि बेचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन, बेचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन और बेचलर ऑफ टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट ऐसे कोर्स हैं, जिसमें भविष्य के लिए अपार संभावनाएं हैं। यह कोर्स करने वाले विद्यार्थियों की बाजार में काफी मांग है। यह कोर्स करके विश्वस्तरीय कंपनियों में आसानी से नौकरी मिल जाती है। रोजगार परक कोर्स की तलाश कर रहे विद्यार्थियों के लिए यह अच्छा विकल्प है।
महाविद्यालयों में तीन रोजगारपरक कोर्स करवाए जा रहे हैं। यह कोर्स करके विद्यार्थी आसानी से रोजगार पा सकते हैं। तीनों कोर्स में कुल 160 सीटें हैं। विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण है। -सुनील तनेजा, प्राचार्य छछरौली कॉलेज।