संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। कार सवार सीए गौरव चुघ व उसकी पत्नी के साथ मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने मोहल्ला रामदासिया के संदीप, शेखर व मंजीत को गिरफ्तार किया है। तीनों पर रास्ता रोककर मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया गया है।
सीए गौरव चुघ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार रात को वह अपनी पत्नी के साथ कार पर घर आ रहे थे। इसी दौरान पटवारखाना के पास बाइक सवार दो युवकों ने अपनी बाइक को कार के आगे अड़ा कर कार को रुकवा लिया। कार रुकते ही नशे में धुत दोनों युवकों ने गौरव चुघ व उसकी पत्नी के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरु कर दी।
इसी दौरान इनका साथी मंजीत भी वहीं आ गया। मंजीत ने भी मारपीट की। मौके पर मौजूद लोगों ने इन तीनों को समझाने व रोकने का प्रयास किया, लेकिन यह तीनों मारपीट पर उतारू रहे। इसी दौरान किसी ने डायल 112 को सूचित कर दिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
एसएचओ अनिल राणा ने बताया कि गौरव चुघ की शिकायत पर केस दर्ज करके तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मेडिकल जांच में तीनों के शराब पीए होने की पुष्टि हुई है। आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।