संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। किशोरी के साथ आरोपी युवक ने घर में घुसकर गलत काम किया और वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर किशोरी को ब्लैकमेल किया गया। युवक ने अन्य को भी किशोरी का नंबर दिया और होटल में बुलाकर उसके साथ गलत काम किया। पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया। एक आरोपी को काबू किया गया है।
मामला शहर थाना यमुनानगर क्षेत्र का है। एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह घरों में साफ सफाई का काम करती है। उसके पास एक बेटा और एक बेटी है। बीती नौ मार्च को बेटे ने फोन पर बताया कि बेटी घर पर नहीं है। शाम को वह करीब पांच बजे घर पर पहुंची तो उन्होंने उससे पूछताछ की।
इस पर किशोरी ने बताया कि आरोपी मुबारिक उसे जगाधरी के एक होटल में ले गया था। जहां पर उसके साथ गलत काम किया। किशोरी ने बताया कि आरोपी मकबूल ने कुछ समय पहले घर में ही उसके साथ गलत काम किया था और वीडियो बना लिया था। इसके बाद उसने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया था।
अक्टूबर ने मकबूल ने अपने साथी आकाश को उसका नंबर दिया था। आकाश ने सिटी सेंटर बुलाया था। इसके बाद वह उसे एक होटल में ले गया और उसके साथ गलत काम किया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी मुबारिक को काबू कर लिया है। जांच अधिकारी मीनाक्षी ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी मुबारिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है।