फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: शराब गोदाम पर फायरिंग, सुरक्षाकर्मी जख्मी

Wed, 12 Mar 2025 12:59 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

जगाधरी। बेखौफ बाइक सवार हमलावरों ने दिनदहाड़े शराब के गोदाम पर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार दो हमलावरों ने पिस्तौल से करीब 10 राउंड फायर किए। गोली लगने से गोदाम पर तैनात सुरक्षाकर्मी जख्मी हो गया। वहीं सुरक्षाकर्मी ने भी जवाब में फायरिंग की तो दोनों हमलावर थाना जगाधरी के सामने वाली सड़क से होते हुए भाग गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे और घायल सुरक्षाकर्मी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस की अलग-अलग टीमें हमलावरों की तलाश में जुट गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फायरिंग की घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
विज्ञापन

वारदात मंगलवार दोपहर बाद करीब सवा तीन बजे जगाधरी बस स्टैंड के पास हुई। बस स्टैंड के पास कारोबारी विनय साहनी का एल-1 एसएम वाइंस के नाम से शराब का गोदाम है। मंगलवार दोपहर को गोदाम पर बने कार्यालय में तीन कर्मचारी मौजूद थे और बाहर गेट पर एक सुरक्षाकर्मी तैनात था। करीब सवा तीन बजे बाइक सवार दो युवक गोदाम पर पहुंचे।
एक युवक बाहर बाइक को स्टार्ट कर खड़ा रहा। उसके दूसरे साथी ने परिसर में अंदर पहुंचकर पिस्तौल से फायरिंग शुरू कर दी। हमलावर ने आठ से 10 राउंड फायरिंग की। कार्यालय के शीशों में गोली लगने से कर्मचारी दहशत में आ गए और उन्होंने भागकर जान बचाई। फायरिंग में एक गोली सुरक्षाकर्मी राय सिंह के कान के पास लग गई।
इसके बाद राय सिंह ने भी जवाब में फायरिंग की। जवाबी फायरिंग होने के बाद हमलावर पास की गली में हवा में फायर करते हुए जगाधरी थाने के सामने वाली सड़क की ओर भाग गए। उधर, शराब के गोदाम पर फायरिंग की खबर से पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
तुरंत ही सेक्टर-17 हुडा, जगाधरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद सीआईए-1 और 2 की टीमों साथ एएसपी सृष्टि गुप्ता और डीएसपी राजीव मिगलानी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कर्मचारियों से भी जानकारी ली। पुलिस ने गोदाम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी अपने कब्जे में ले ली। घायल सुरक्षाकर्मी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है।
विज्ञापन

गैंगस्टर नोनी राणा ने ली जिम्मेदारी

शराब गोदाम पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी विदेश में बैठे गैंगस्टर नोनी राणा ने ली है। वारदात के बाद सोशल मीडिया पर नोनी राणा के नाम से एक पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें कहा गया है कि यह ट्रेलर था, अगली बार जान ले लूंगा। शराब गोदाम पर मंगलवार को फायरिंग हुई थी। इसके बाद नोनी राणा के नाम से एक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हुई। जिसमें लिखा है कि विनय साहनी पर गोलियां चली हैं यह मैंने चलवाई है। इस बार ट्रेलर था अगली बार जान ले लूं गा। जो भी हमे इग्नोर करेगा अपनी तैयारी कर लो। पोस्ट में लारेंस विशनोई, रोहित गोदरा, गोल्डी बरार, काला राणा को भी टैग किया गया है। पोस्ट वायरल होने के बाद खलबली मच गई। पुलिस ने पोस्ट की जांच शुरू कर दी है। एएसपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि इस पोस्ट की भी जांच की जा रही है। इस बिंदू पर गहनता से जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें