यमुनानगर। डिपो दिलवाने के नाम पर मलिकपुर गांव निवासी कैलाश चंद से 65 हजार रुपये ठग लिए गए। आरोप गांव मांडखेड़ी निवासी बालकराम पर लगा है। आरोप है कि बालकराम ने खुद को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता विभाग (डीएफएससी) का अधिकारी बताकर उससे रुपये लिए। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
मलिकपुर बांगर निवासी कैलाशचंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने लड़के राजीव कुमार के नाम से गांव में डिपो लेना चाहता था। इस दौरान उसकी मुलाकात गांव मांडखेड़ी निवासी बालकराम से हुई। आरोपी ने उसे बताया कि वह डीएफएससी विभाग में अधिकारी की पद पर तैनात है। वह उसके लड़के को गांव में डिपो अलाॅट करवा देगा। वह आरोपी की बातों में आ गया।
उसने छह अक्तूबर 2023 को अपने लड़के राजीव कुमार के नाम से डिपो लेने बारे दो बार फाइल तैयार करवाकर बालकराम को दे दी थी। 18 अक्तूबर को बालकराम ने उसे फोन करके 50 हजार रुपये राशन के पैसे जमा करवाने के लिए कहा। उसने 50 हजार रुपये राशन के पैसे जमा करवा दिए। इसके बाद भी उसने आरोपी के कहने पर अलग-अलग करके उसे पैसे दिए मगर इसके बाद आरोपी ने उसके लड़के को डिपो नहीं दिलवाया।
जब उसने आरोपी से बात की तो उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। जब उसने आरोपी से पैसे वापस मांगे तो वह टाल मटोल करने लगा। उसने आरोप लगाया कि आरोपी उससे 65 हजार रुपये ठग लिए और डिपो नहीं दिलवाया।