कर्मचारी की मौत के मामले में लापरवाही बरतने वालों की जल्द हो गिरफ्तारी
फोटो - 25
करंट लगने से हुई कर्मचारी की मौत के मामले में एसपी को शिकायत देकर परिजनों ने रखी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जगाधरी वर्कशॉप रोड पर बस स्टैंड के नजदीक बिजली के तार खींचते समय करंट लगने से हुई कर्मचारी नमदारपुर निवासी दिनेश की मौत के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन सोमवार को लघु सचिवालय पहुंचे। यहां उन्होंने एसपी मोहित हांडा को शिकायत देकर मामले में लापरवाही बरतने वाले बिजली निगम के अधिकारियों व ठेकेदार को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
सरस्वती नगर के गांव नमदारपुर निवासी पूनम देवी ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि उसका पति 28 वर्षीय दिनेश बिजली निगम में ठेकेदार पर कार्य करता था। बीते 25 जुलाई को बस स्टैंड के नजदीक वर्कशाप रोड पर बिजली की तार खींचने का काम चल रहा था। इसके लिए चांदपुर फीडर से बिजली बंद करने का परमिट भी लिया हुआ था। खंभे पर दो तार पर लाइन खींच दी गई थी लेकिन तीसरे तार को जैसे ही खींचने के लिए खंभा उठाया, तो वहां से गुजर रही अन्य लाइन से खंभा टकरा गया। खंभे में करंट आने से उसका पति दिनेश झुलस गया। जबकि इस काम के लिए परमिट लिया हुआ था। इसके बावजूद लाइन में करंट छोड़ा गया। जिस कारण उसका पति करंट लगने से झुलस गया और उसकी मौत हो गई। उसका आरोप है कि बिजली निगम के अधिकारियों की लापरवाही से उसके पति की मौत हुई है।
शहर थाना पुलिस ने मामले में 28 जुलाई को बिजली निगम के जेई राजीव मेहता, फोरमैन सुनील मेहता व अन्य पर लापरवाही बरतने के आरोप में केस दर्ज किया था लेकिन केस दर्ज करने के अलावा आगे कार्रवाई नहीं बढ़ाई गई है। न ही अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया। मृतक की पत्नी पूनम, ग्रामीण जगन्नाथ, श्याम लाल, सेवादास, प्रदीप नंबरदार, सुरेश, लक्ष्मण दास, धर्मपाल आदि ने एसपी से मांग की कि है कि मामले में आगे की कार्रवाई कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। एसपी मोहित हांडा ने परिजनों को मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।