संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। व्यापारी से 20 लाख लूटने वाले बदमाश चार दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इनकी तलाश में थाना छछरौली पुलिस के साथ सीआईए-2 की टीम भी लगी हुई है। अभी तक बदमाशों का सुराग नहीं लग पाया है।
प्रतापनगर निवासी व्यापारी आशीष अग्रवाल ने पुलिस को बताया था कि उनकी चुहड़पुर कलां में गणपति राइस मिल, अग्रवाल फिलिंग स्टेशन व प्रतापनगर में अग्रवाल ट्रेडर्स आढ़त की दुकान है। 23 अक्तूबर की देर रात करीब एक बजे वह गांव किशनपुरा निवासी ड्राइवर सन्नी के साथ 20 लाख रुपये नकदी लेकर निजी कार्य से पंजाब के जीरकपुर जा रहे थे। जैसे ही गांव शाहजहांपुर मोड़ के पास स्थित महादेव ढाबा के सामने पहुंचे, तभी पीछे से बिना नंबर की काले रंग की कार ने तेज रफ्तार में आकर उनकी कार को ओवरटेक किया और कार के आगे अपनी कार लगा दी। कार से दो नकाबपोश युवक उतरे, जिनमें एक के हाथ में सरिया व दूसरे के हाथ में लोहे की रॉड थी। इन हथियारों से दोनों युवकों ने उनकी (आशीष) कार का शीशा तोड़ दिया और पिस्तौल दिखाकर ड्राइवर व उन्हें (आशीष) धमकाते हुए नीचे उतार दिया।
इसके बाद दोनों युवक उनकी (आशीष) कार लेकर मौके से चले गए। तुरंत इस बारे में पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के इलाकों में आरोपियों की तलाश की तो गांव उर्जनी में निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के पास दोनों युवकों द्वारा व्यापारी से लूटी गई कार बरामद हो गई, पर दोनों युवकों का पता नहीं चल पाया। आशीष के अनुसार कार में 20 लाख रुपये नकदी से भरा बैग था, जो कार में नहीं मिला। पुलिस ने आशीष के बयान पर अज्ञात पर मामला दर्ज कर लिया था।
अभी तक बदमाशों का सुराग नहीं लग पाया है। मामले की जांच पुलिस सीआईए-2 की टीम भी कर रही है। जल्द आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
- रोहताश सिंह, प्रभारी थाना छछरौली।