संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। गुरु नानक कन्या कॉलेज में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम हुआ। इसमें डीसी कैप्टन मनोज कुमार मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने विद्यार्थियों व स्टाफ को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के बारे में बताया। सभी को वोट बनवाने और मतदान करने की शपथ दिलाई। साथ ही प्रतिभागियों और मतदाता जागरूकता में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
डीसी मनोज कुमार ने कहा कि 25 जनवरी को पूरे भारत में राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है। यह दिन हमारे लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि चुनावों में प्रत्येक वोट कीमती होता है तथा राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उद्देश्य नागरिकों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे अपने वोट का प्रयोग अवश्य करें। मतदान का अधिकार हमें संविधान द्वारा प्रदान किया गया है। मतदान हमारा मौलिक अधिकार ही नहीं बल्कि मौलिक कर्तव्य भी है। मतदान न केवल लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है, बल्कि देश के विकास में हमारी सक्रिय भूमिका को भी दर्शाता है।
मतदान के माध्यम से हम अपने देश के प्रतिनिधियों का चुनाव करते हैं, जो हमारी सरकार बनाते हैं। हमें अपने वोट का प्रयोग सोच-समझकर तथा बिना किसी भय व लालच के करना चाहिए। अपने वोट के प्रयोग से हम एक अच्छी सरकार का चुनाव कर सकते हैं, जिससे कि देश का विकास होता है।
सही प्रतिनिधि ही देश में शांति, समृद्धि और न्याय की स्थिति स्थापित करते हैं। मतदान केवल चुनाव प्रक्रिया का हिस्सा नहीं बल्कि यह समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का शक्तिशाली माध्यम है। मौके नगराधीश पीयूष गुप्ता, जिला परिषद सीईओ वीरेंद्र सिंह ढुल, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, डीडीपीओ नरेंद्र सिंह, कॉलेज निदेशक डॉ. विरेंद्र गांधी, कॉलेज प्रिंसिपल नरिंद्र पाल कौर व अन्य मौजूद रहे।