संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बेटे को विदेश भेजने की चाह में खेत बेचकर मिले आठ लाख रुपये व एक लाख के जेवर पर चोर हाथ साफ कर गए। घटना रादौर के गांव घिलौर की है। यहां से दो दिन के लिए परिवार बेटी के पिहोवा स्थित ससुराल गया था, वहां से लौटने पर चोरी का पता चला। सूचना पर थाना रादौर पुलिस ने जांच के बाद अज्ञात पर मामला दर्ज कर लिया।
गांव घिलौर निवासी सुखविंदर कौर ने बताया कि बेटा ने विदेश जाने लिए आइलेट्स की। उसे स्टडी वीजा पर विदेश भेजने के लिए करीब दो माह पहले घर के साथ लगता खेत बेचा था। इसकी कुछ राशि बैंक में जमा कर दी, वहीं करीब आठ लाख रुपये घर पर रखे थे।
आठ अगस्त घर पर ताला लगाकर पूरा परिवार पिहोवा स्थित बेटी के ससुराल गया था, जहां आयोजित कार्यक्रम से दस अगस्त को घर लौटे। घर के गेट पर ताला था, पर अंदर कमरे का ताला टूटा पाया। कमरों में सामान भी बिखरा पड़ा मिला। जांच करने पर पाया कि अलमारी से आठ लाख रुपये की नकदी, एक सोने की चेन, अंगूठी व सोने की बालियां चोरी हैं।
उसने तुरंत चोरी की सूचना पुलिस को दी। संदेह है कि घर में दीवार फांदकर अंदर कमरों से चोरी की घटना अंजाम दी गई। जांच अधिकारी एएसआई विजय कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर चोरों का सुराग लगाया जा रहा है।