संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। ऑस्ट्रेलिया भेजने के बहाने जिले के गांव कांजीबास निवासी साहिल व उसकी पत्नी दिव्या से 6.90 रुपये हड़प लिए गए। इसका आरोप बराड़ा निवासी मनजीत सिंह पर लगा है। थाना छप्पर पुलिस ने शिकायत मिलने पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में साहिल ने बताया कि वह और उसकी पत्नी दिव्या ऑस्ट्रेलिया जाना चाहते थे। इसी सिलसिले में उसके भाई के दोस्त के माध्यम से मनजीत सिंह नाम के व्यक्ति से संपर्क हुआ। मंजीत सिंह बराड़ा जिला अंबाला का रहने वाला है। मनजीत सिंह ने फोन पर बात करके दावा किया कि वह कपल वर्क वीजा के जरिए दोनों को ऑस्ट्रेलिया भेज देगा और वहां दोनों को अच्छी नौकरी मिल जाएगी।
वह महीने में लगभग छह लाख रुपये तक कमा सकेंगे। कुल खर्च 16 लाख रुपये बताया गया। इसके बाद उसकी अगस्त 2024 में थाना छप्पर बस स्टैंड के पास मनजीत सिंह से मुलाकात हुई। वहां उसने पासपोर्ट की कॉपी व अन्य दस्तावेज लिए और एक गवाह राजीव निवासी कुलपूर के सामने 50 हजार रुपए नकद ले लिए। वादा किया कि 60 दिन के अंदर वीजा आ जाएगा।
समय-समय पर मनजीत सिंह के कहने पर वह पैसे भेजता रहा। कुल मिलाकर छह लाख 90 हजार रुपये उसने अलग-अलग तरीकों से दिए। काफी इंतजार के बाद जब ऑस्ट्रेलिया का वीजा नहीं लगा तो मनजीत सिंह ने कहा कि अब लग्जमबर्ग का वीजा लगा देंगे, जो सिर्फ 45 दिन में आ जाएगा। उसने आरोपी पर फिर विश्वास कर लिया।
जुलाई 2025 में मनजीत सिंह ने ऑफर लेटर और वीजा दिखाया, अतिरिक्त 50 हजार रुपये नगद लिए और वीजा व्हाट्सएप पर भेज दिया। जब उसने अपने किसी जानकार से उस वीजा को चेक करवाया तो पता चला कि वीजा और ऑफर लेटर पूरी तरह फर्जी हैं। जब उसने मनजीत सिंह से सारे पैसे वापस मांगे तो उसने साफ मना कर दिया और धमकी दी कि अगर आगे पैसे मांगे या कोई कानूनी कार्रवाई की तो झूठे केसों में फंसा कर जिंदगी बर्बाद कर देगा।