संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की राजनीतिक विज्ञान की परीक्षा बुधवार को शांतिपूर्ण तरीके से हुई। नकल रहित परीक्षा करवाने के लिए प्रशासन की ओर से कड़े प्रबंध किए गए थे। इस दौरान विद्यार्थियों को गहन जांच के बाद अंदर जाने दिया गया।
केवल एक ही विषय की परीक्षा होने के चलते केंद्र अन्य दिनों की अपेक्षा कम रहे। इस दौरान जिलेभर से आठ केंद्र कम कर दिए गए। राजनीतिक विज्ञान की परीक्षा 49 केंद्रों पर करवाई गई। परीक्षा केंद्रों पर पहले विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र पर बने क्यूआर कोड का सत्यापन किया गया। उसके बाद ही उन्हें प्रवेश दिया गया।
केंद्रों के पास धारा 163 लागू रही और पुलिस कर्मियों ने किसी बाहरी व्यक्ति को केंद्र के आसपास खड़े नहीं होने दिया। हालांकि नगर निगम और रादौर नगर पालिका चुनाव की मतगणना के चलते डीसी, एसडीएम सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारी व्यस्त रहे।
इस दौरान अधिकारियों के उड़नदस्ता दल सदस्यों ने केंद्रों का निरीक्षण किया। उड़नदस्तों ने 36 से ज्यादा केंद्रों का निरीक्षण किया। सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। किसी केंद्र से नकल और उपद्रव का समाचार नहीं मिला। वहीं दूसरी तरफ परीक्षा को लेकर विद्यार्थी उत्साहित दिखे। हालांकि परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में थोड़ा भय देखने को मिला।
परीक्षा के बाद विद्यार्थी काफी उत्साहित व आनंदित दिखे। विद्यार्थियों ने बताया कि परीक्षा काफी आसान रही। प्रश्नपत्र काफी सरल बनाया गया था। जिससे सभी विद्यार्थियों की परीक्षा अच्छी हुई है। परीक्षा अच्छी होने से सभी उत्साहित हैं और इससे उनकी होली भी अच्छी होगी। नोडल एवं उपजिला शिक्षा अधिकारी शिव कुमार धीमान ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई है।
आदित्य ने बताया कि परीक्षा काफी आसान थी। पेपर को लेकर अच्छी तैयारी की थी। आसान प्रश्नपत्र ने उत्साह और ज्यादा बढ़ा दिया। परीक्षा अच्छी होने से वे काफी उत्साहित हैं। परीक्षा अच्छी होने से होली मनाने का उत्साह दोगुना हो गया है।
पार्थ ने बताया कि परीक्षा को लेकर कोई तनाव नहीं था। इसके लिए उन्होंने अच्छी तैयारी की थी। वहीं, प्रश्नपत्र भी काफी आसान था। अच्छी तैयारी और आसान प्रश्नपत्र से उनकी परीक्षा बहुत ही अच्छी हुई है। परीक्षा अच्छी होने से वह बेहद खुश हैं।
ज्योति ने बताया कि परीक्षा बहुत आसान थी। प्रश्नपत्र आसान था। उत्तर देने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। सभी प्रश्न पाठ्यक्रम से ही पूछे गए थे और सभी प्रश्न आसान थे। उसके साथ सभी सहपाठियों की परीक्षा अच्छी हुई है।
पूजा ने बताया कि परीक्षा के सभी कोड आसान थे। सभी प्रश्न पाठ्यक्रम और आसान लिए गए थे। सभी कोड में लगभग एक समान प्रश्न पूछे गए थे। जिससे परीक्षा बहुत अच्छी हुई है। परीक्षा अच्छी होने से वह बेहद उत्साहित हैं।