संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। रादौर विधानसभा क्षेत्र के गांव रादौरी, बापौली, बरसान, नागल, दामला, रेतगढ़, गोलनी, झीवरहेड़ी व ईशरपुर में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया।
श्याम सिंह राणा ने किसानों को भरोसा दिलाया कि राज्य में डीएपी और यूरिया की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि किसानों को घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार उनकी आवश्यकतानुसार डीएपी व यूरिया की आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रयास कर रही है। डीएपी की आपूर्ति को लेकर पहले ही कदम उठाए जा चुके हैं, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कमी न हो।
उन्होंने रादौरी गांव में बारात घर के निर्माण, बीसी चौपाल की मरम्मत, गांव के सभी रास्तों को पक्का करने के अतिरिक्त अन्य सभी मांगों को पूरा करने का भरोसा दिलाया। मंत्री राणा ने किसानों से धान के अवशेष न जलाने की अपील की और इसे उर्वरक के रूप में उपयोग करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि फसल अवशेष जलाने से न केवल मिट्टी की उर्वरता को नुकसान पहुंचता है बल्कि पर्यावरण पर भी बुरा असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि कृषि देश की अर्थव्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत है और किसानों को इसमें सकारात्मक योगदान देना चाहिए। बापौली गांव के दौरे के दौरान राणा ने बताया कि गांव में विकास कार्यों के लिए 14 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के लिए सब्सिडी पर एक ट्रैक्टर और सुपर सीडर भी प्रदान किया जाएगा, जिससे किसानों को फसल अवशेष जलाने की आवश्यकता नहीं रहेगी। उन्होंने हैफेड अधिकारियों से बातचीत कर कीटनाशक छिड़काव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि फसलें कीटों से सुरक्षित रहें और किसानों को लाभ मिल सके।
गांव बरसान में पैलेस बनवाने, आम्बेडकर भवन पर शेड का निर्माण, जोहड़ के सुंदरीकरण, एससी व बीसी चौपाल की मरम्मत, खेल स्टेडियम के सामुदायिक केंद्र तक ब्लॉक टाइल लगाने और गांव नागल में बरात घर का निर्माण, बस स्टैंड पर शैलटर, जोहड़ की सफाई व सुंदरीकरण तथा गांव के सभी रास्तों को पक्का करने की मांग को जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया। मौके पर जिला परिषद के वाइस चेयरमैन अग्नि विजय सिंह, रादौर ब्लॉक समिति के चेयरमैन विपिन कांबोज, हैप्पी खेड़ी, हरपाल मारूपुर, रादौरी गांव के सरपंच उधम सिंह, बापौली के सरपंच रोहित शर्मा आदि मौजूद रहे।