संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। बुबका रोड पर स्थित उपनेजा किराना दुकान में चोरी हो गई। दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी में नकाबपोश वारदात को अंजाम देते हुए कैद हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में दुकानदार दीपक उपनेजा ने बताया कि सीसीटीवी के रिकॉर्डिंग के मुताबिक चोर रविवार रात दो बजे दुकान के अंदर घुसे। दोनों अपने चेहरे पर कपड़ा बांधा हुआ था। उन्होंने दुकान के ऊपर लगी खिड़की तोड़कर इस वारदात को अंजाम दिया है।
सुबह जांच करने पर दुकान से घी, शैंपू की बोतले, खाने पीने का सामान, काजू, बादाम, साबुन व अन्य हजारों रुपये का सामान चुरा ले गए। नकाबपोशों ने दुकान के अंदर लगे गुल्लक से 12 हजार रुपये निकाल लिए है। दुकानदार ने बताया कि दो साल पहले भी उनकी दुकान में चोरी हो गई थी।
उस चोरी का अभी तक खुलासा नहीं हुआ। वहीं मामले में पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों का सुराग लगाया जा रहा है। जल्द चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।