संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। दूसरी किड्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले नन्हे खिलाड़ियों का गृह क्षेत्र पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया है। खिलाड़ियों को पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने सम्मानित किया। जिले के छोटे खिलाड़ियों ने सोनीपत में हुई किड्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण व कांस्य पदक जीते हैं।
इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने बताया कि छछरौली स्पोर्ट्स क्लब के खिलाड़ियों ने सोनीपत में पदक जीतकर क्षेत्र व जिले का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता 13 से 14 दिसंबर को करवाई गई थी। इस प्रतियोगिता में छछरौली स्पोर्ट्स क्लब की ओर से पांच खिलाड़ियों ने भाग लेते हुए चार पदक अपने नाम किए हैं।
इस दौरान स्वस्ति राणा ने अंडर-10 आयु वर्ग लड़कियों की 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक और 60 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता है। असद ने अंडर-10 लड़कों की 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता है। इसी तरह लड़कियों की अंडर-12 आयु वर्ग में अकक्षा ने 60 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता है।
उन्होंने बताया कि छोटी उम्र में खिलाड़ियों ने बड़ा नाम कमाया है। सरकार ऐसी प्रतिभाओं को प्रेरित व प्रोत्साहित कर रही है। सरकार खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। इसके सकारात्मक परिणाम मिल रहें है, सरकार की नीतियों से ग्रामीण क्षेत्र से प्रतिभाएं सामने आ रही हैं। इस दौरान भाजयुमो जिलाध्यक्ष निश्चल चौधरी, प्रधान संजीव सैनी नंबरदार, सोनू राजल, कोच रमनजीत सिंह, कोच शिवम राणा सहित अन्य उपस्थित रहे।