यमुनानगर। बूड़िया थाना क्षेत्र के साबापुर गांव निवासी 19 वर्षीय प्रज्ज्वल की यमुना नदी में डूबने से हुई मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। परिजनों ने हादसे की बजाय इसे साजिशन हत्या बताते हुए प्रज्ज्वल के साथ गए दो युवकों पर आरोप लगाया है।
मृतक का परिवार सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ जिला सचिवालय पहुंचा और एसपी को शिकायत देकर मामले की जांच सीआईए से कराने तथा हत्या की एफआईआर दर्ज करने की मांग की। बहन रेनू देवी ने आरोप लगाया कि 25 मई को गांव का एक युवक और उसका जीजा उसके भाई प्रज्ज्वल को घर से अपने साथ ले गए थे।
विज्ञापन
उनका आरोप है कि दोनों उसे ओदरी घाट स्थित यमुना नदी पर ले गए, जहां नशीला पदार्थ खिलाकर गहरे पानी में फेंक दिया गया। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद दोनों युवक चुपचाप घर लौट आए। परिवार ने शव मिलने की परिस्थितियों पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि प्रज्ज्वल के शरीर पर टी-शर्ट और कैपरी मौजूद थी।
सामान्य तौर पर कोई व्यक्ति पूरे कपड़ों सहित स्नान नहीं करता। घटना के समय उसका मोबाइल भी बंद मिला था। गौरतलब है कि 25 मई को गोताखोरों ने करीब दो घंटे के सर्च अभियान के बाद प्रज्ज्वल का शव नदी से बरामद किया था। एसपी ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।