संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। हाइड्रा मशीन की टक्कर से घायल हुए बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के गांव बाजड़ा सिमरा बाजार निवासी साहिब की इलाज के दौरान रविवार देर शाम पीजीआई में मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
साहिब यमुनानगर के पांसरा पीर कॉलोनी में अपने बड़े भाई सूरज शाह के साथ किराए के मकान में रहता था। दोनों भाई राजमिस्त्री के पास मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। हादसा शनिवार सुबह सहारनपुर रोड पर मित्तल पेट्रोल पंप के पास हुआ। सूरज शाह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि साहिब खजूरी मोड से पैदल पांसरा फाटक की ओर काम पर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही पीले-काले रंग की हाइड्रा मशीन ने तेज गति और लापरवाही से उसे टक्कर मार दी। जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि मृतक के भाई का बयान दर्ज करने के बाद विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी चालक की पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।