संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। युवक ने साथियों संग मौसी के घर में घुसकर मौसा पर गोलियां चला दीं। मौसा ने बाथरूम में छिपकर जान बचाई। बाद में युवक व उसके साथी गली में हवाई फायर कर भाग गए। घटना जगाधरी के खेड़ा बाजार समीप लठमार मोहल्ला में वीरवार रात हुई। सूचना पर रात में ही एसपी कमलदीप गोयल, एएसपी अमरिंद्र सिंह, डीएसपी राजीव मिगलानी सहित पुलिस व फॉरेंसिंग टीमें पहुंची। मौके से एक कारतूस व चार गोलियों के खोल कब्जे में लेकर पुलिस ने आरोपी पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
गांव सारन निवासी मोहित शर्मा जगाधरी के खेड़ा बाजार समीप लठमार मोहल्ला में वीना देवी के घर में पत्नी सविता के साथ किराये पर रह रहे हैं। मोहित ने बताया कि सविता ने बिना उनसे (मोहित) पूछे अपनी बहन के बेटे अरुण शर्मा को एक्टिवा दलाई थी। इस पर उन्होंने (मोहित) एतराज जताया। इसी बात पर बुधवार को सविता व अरुण से बहस हुई।
इसके बाद वीरवार की रात अरुण ने मौसी सविता को फोन कर कहा कि कुछ सामान घर पर रह गया है, जिसे वह लेने आ रहा है। रात दस बजे अरुण सात-आठ साथियों संग आया और मौसी से गेट खुलवाने के बाद दो साथियों के साथ घर में घुस गया।
मौसी को धक्का देकर अरुण अंदर उनके (मोहित) कमरे में आ गया। बाहर मासी को अरुण के दो साथियों ने पकड़ रखा था और अरुण ने अंदर कमरे में आते ही उन (मोहित) पर पिस्टल तान दी।
इससे पहले कि अरुण गोली चलाता, वह (मोहित) किसी तरह बचते हुए साथ में बने बाथरूम में छिप गए। इससे उनकी (मोहित) जान बची। बाद में जान से मारने की धमकी देकर घर के बाहर गली में भी हवाई फायर करते हुए अरुण व उसके साथी भाग गए।