यमुनानगर। जिले की सीमा से गुजर रही यमुना नदी के ऊपर बने हथिनी कुंड बैराज पर अभी जलस्तर की स्थिति ठीक है। लेकिन खतरा बरकरार है, चूंकि पहाड़ों पर रुक-रुक कर बारिश हो रही है।
वहीं सोमवार शाम छह बजे बैराज पर 52,668 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया। इसमें यमुना नदी में 40,648, पश्चिमी यमुना में 10,510 और पूर्वी यमुना में 1510 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया। नदी का पानी दिल्ली की तरफ डायवर्ट कर दिया गया है। जोकि दिल्ली में 72 घंटे में पहुंचेगा।
रविवार को इस सीजन का रिकॉर्ड तोड़ 1,78,996 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया था। अभी भी बैराज के सभी 18 गेट खोल दिए गए हैं। उधर, सिंचाई विभाग के एक्सईएन विजय गर्ग का कहना है रविवार से पानी की स्थिति ठीक है, लेकिन कर्मचारियों को पूरी तरह से अलर्ट रहने के आदेश हैं। हर घंटे पानी की उपस्थिति को दर्ज किया जा रहा है।