साढौरा। पशुपालन एवं पशु कल्याण जागरूकता माह के अंतर्गत सरावां की सीएससी में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान केंद्रीय पशुपालन एवं डेयरी मंत्री एसपी सिंह बघेल ने पशुपालकों को वर्चुअल माध्यम से जागरूक किया।
कृषि भवन नई दिल्ली से आयोजित हुए इस कार्यक्रम में देशभर के एक लाख से अधिक पशुपालक कॉमन सर्विस सेंटर्स के माध्यम से जुड़े। मंत्री बघेल ने पशुपालक आधारित आजीविका, एथनो-वेट औषधियों तथा पारंपरिक ज्ञान की प्रासंगिकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने किसानों से सीधा संवाद स्थापित कर जमीनी स्तर पर टीकाकरण की स्थिति और केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित अनुभवों की जानकारी प्राप्त की।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों के साथ पारंपरिक ज्ञान के समन्वय के माध्यम से पशुओं के स्वास्थ्य एवं कल्याण को सुदृढ़ करना तथा पशुपालकों की आय वृद्धि को प्रोत्साहित करना रहा। कॉमन सर्विस सेंटर के प्रदेश प्रबंधक मोहित शर्मा ने बताया कि प्रदेश में सीएससी के एकमात्र सरावां सेंटर को ही इस कार्यक्रम के संचालन के लिए चुना गया। सीएससी संचालक विनोद व रीटा देवी ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से पशुपालकों को महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। इस दौरान जिला प्रबंधक नितिन शर्मा व कृषि विभाग के हरपाल सिंह भी मौजूद रहे।