संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला कांग्रेस ने मनरेगा का नाम बदलने के भाजपा सरकार के फैसले का विरोध करते हुए शुक्रवार को अनाज मंडी जगाधरी में धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिला शहरी अध्यक्ष देवेंद्र सिंह और ग्रामीण जिलाध्यक्ष नरपाल गुर्जर के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
धरना-प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने जिला सचिवालय में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी सौंपा। नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार ने मनरेगा का नाम बदलकर वीबी राम जी कर दिया है, जिसका वे सख्त विरोध करते हैं। जिला शहरी अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने कहा कि मनरेगा जैसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम को कमजोर करना सरकार की जानबूझ कर की गई रणनीति है। यह योजना गरीब परिवारों को सम्मानजनक रोजगार देने के लिए शुरू की गई थी। अगर मजदूरों को समय पर रोजगार और पूरी मजदूरी नहीं मिलेगी, तो हम आंदोलन और तेज करेंगे।
ग्रामीण जिलाध्यक्ष नरपाल गुर्जर ने कहा कि मनरेगा हमारी सरकार की देन है और इसे जनहित के लिए बनाया गया था। भाजपा सरकार इसे कमजोर कर रही है। हम इसे कभी भी स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि इसका नाम बदलना केवल दिखावटी कदम है, इससे योजना के मूल उद्देश्य पर असर पड़ेगा। धरना प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मजदूरों के हितों की सुरक्षा और मनरेगा योजना को पूरी तरह से लागू करने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने योजना को मजबूत करने के उपाय नहीं किए, तो कांग्रेस जिले में व्यापक आंदोलन करेगी। उनका कहना है कि मनरेगा जैसी योजनाओं का उद्देश्य गरीब और कमजोर वर्ग को रोजगार देना है, लेकिन सरकार के कदमों से योजना का लाभ सीधे प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस नेताओं ने योजनाओं के वास्तविक कार्यान्वयन के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की। इस अवसर पर कांग्रेस नेता निर्मल चौहान, श्याम सुंदर बतरा सहित अन्य मौजूद रहे।