संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। रविवार को एक बार फिर लोगों को प्रचंड गर्मी का सामना करना पड़ा। हवा न चलने से लोगों को गर्मी ज्यादा महसूस हुई। सुबह 11 बजे के बाद सड़कों पर लोगों की आवाजाही धीरे-धीरे कम होने लगी। दोपहर में तो सड़कें सुनसान हो गई। वहीं जिले का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री और न्यूनतम 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 41 डिग्री पार जाने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में मौसम अभी साफ रहेगा। बारिश होने के कोई संकेत नहीं मिल रहे। रविवार सुबह एक बार तो बादल छा गए थे, जिससे थोड़ी देर के लिए मौसम सुहावना हो गया। सूरज बादलों की ओट में छिपे रहे। लेकिन नौ बजे के बाद मौसम पूरी तरह से साफ हो गया और तेज धूप निकलने लगी। जैसे-जैसे सूरज चढ़ता गया शरीर से पसीना निचुड़ने लगा। राहत की बात यह है कि अभी लू नहीं चली है। यदि लू चलती है तो लोगों कहीं आना जाना ही मुश्किल हो जाएगा।
वहीं भीषण गर्मी के बीच बिजली के अघोषित कटों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। गर्मी अधिक होने के कारण बार-बार ट्रांसफार्मर से फ्यूज उड़ रहे हैं। इसके अलावा तार भी गर्म होकर टूट रही हैं। गर्मी में लोग पंखे, एसी व कूलर को ज्यादा चला रहे हैं। इससे बिजली की खपत बढ़ रही है। शनिवार को जिले में बिजली की 68.72 लाख यूनिट की खपत हुई।
फ्यूज, जंपर टूटने व ट्रांसफार्मर खराब होने से बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। लोग बार-बार शिकायत केंद्रों में फोन कर रहे हैं। रविवार को शाम चार बजे तक 6187 लोगों ने इंक्वायरी में फोन करके पूछा कि बिजली कब आएगी। 648 लोगों ने अपनी शिकायत रजिस्टर्ड करवाई, इनमें से शाम तक 518 का निवारण हो चुका था।
छबील लगाकर लोगों को दी राहत
प्रचंड गर्मी को देखते हुए शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र में लोगों ने रविवार को छबील लगाकर लोगों को शीतल व मीठा जल पिलाकर उनकी प्यास बुझाने का प्रयास किया। जिले में 300 से अधिक छबील लगी थी। सड़कों से आने जाने वाले लोगों ने छबील पर रुक कर ठंडा मीठा पानी पीया। सुबह से लेकर शाम तक छबील के आगे लोगों की भीड़ रही। इसके अलावा लोग गर्मी से बचने के लिए नींबू की शिकंजवी, गन्ने का रस, फलों का जूस व कोल्ड ड्रिंक ज्यादा पी रहे हैं।
निगम के पास पर्याप्त बिजली है। कहीं कोई कट नहीं लगाया जा रहा। गर्मी में बिजली की खपत बढ़ जाती है इसलिए तार व फ्यूज गर्म होकर टूट जाते हैं। जिन्हें ठीक करने के लिए थोड़ी देर के लिए बिजली बंद करनी पड़ती है। - नरेंद्र कुमार, एसई बिजली निगम यमुनानगर।