संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। एसडी पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव मंथन धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुति किए। देश के विभिन्न राज्यों के लोक व परंपरा की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों ने एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की ऑर्केस्ट्रा टीम ने संगीत की विभिन्न धुनों से किया।
कार्यक्रम में जगाधरी एसडीएम विश्वनाथ मुख्यातिथि रहे। विशिष्ट अतिथि सनातन धर्म सभा के सचिव अभिषेक मित्तल ने वार्षिकोत्सव मंथन की भावना व परंपरा के बारे बताया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन, संस्कृति व रचनात्मकता का मंच है। विद्यार्थियों ने गणेश वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की।
इसके बाद शास्त्रीय नृत्य से विद्यार्थियों ने भारतीय शास्त्रीयता व आधुनिक अभिव्यक्ति का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने देश के ऑपरेशन सिंदूर में जल, थल व वायु सेनाओं के संयुक्त अभियान का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने धरती की पुकार नामक प्रस्तुति से सभी को पर्यावरण के प्रति जागरूकता है।
इसके बाद धार्मिक व नैतिक मूल्यों पर आधारित नाटिका नरसिंह अवतार से भक्ति की शक्ति का प्रदर्शन किया। इसी क्रम में अंग्रेजी नाटक में सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों पर सारगर्भित व प्रभावशाली संदेश दिया गया। गुजराती नृत्य तथा रंगला पंजाब भांगड़ा से विद्यार्थियों ने सभी को थिरकने पर विवश कर दिया।
कार्यक्रम में प्राचार्या उषा शर्मा ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक व सहगामी गतिविधियों में विद्यालय की उपलब्धियों के बारे में बताया। मुख्यातिथि ने विद्यालय के मेधावी व उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के महासचिव, सनातन धर्म सभा प्रधान प्रवीण शर्मा, उपप्रधान अतुल गुप्ता, सुशांत गर्ग, सहसचिव वीरेंद्र गोयल, कोषाध्यक्ष आशुतोष मित्तल, सदस्य भारत प्रकाश, आयुष गुप्ता, विपिन कुमार गोयल, राहुल गुप्ता, अश्विनी कुमार मित्तल, सनातन धर्म वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय प्राचार्य सतीश गर्ग उपस्थित रहे।