संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। दी पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन के बैनर तले चल रही पटवारियों व कानूनगो की हड़ताल का मंगलवार को दूसरा दिन रहा। जगाधरी अनाज मंडी में धरना दे रहे पटवारियों ने मांगों में समर्थन में नारेबाजी की। हड़ताल के कारण तहसीलों मे 2,000 प्रमाणपत्र, 300 इंतकाल का का लटक गया।
पटवारी व कानूनगो बुधवार को भी हड़ताल पर रहेंगे। एसोसिएशन का कहना है कि मांग न मानने पर यह हड़ताल अनिश्चितकालीन भी हो सकती है। इसका निर्णय बुधवार को किया जाएगा। वहीं, हड़ताल पर होने के कारण पटवारखानों पर ताले लटके रहे। इस दौरान घने कोहरे व कड़ाके की ठंड में आए लोगों को बिना काम के मायूस लौटना पड़ा।
दूसरे दिन भी जिले के सभी पटवारी हड़ताल पर रहे और पटवारखानों में कोई काम नहीं हुआ। इस दौरान जगाधरी अनाजमंडी में हड़तालियों ने धरना दिया। हड़ताल में जिले के सभी 28 पटवारी और 16 कानूनगो शामिल रहे। हड़ताल के लिए सभी पटवारी व कानूनगो सुबह ही जगाधरी अनाजमंडी धरना स्थल पर पहुंच गए थे। यहां पर पटवारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और निलंबित साथियों को तुरंत बहाल करने की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व एसोसिएशन जिला प्रधान रामफल ने किया। प्रधान ने कहा कि सरकार पटवारियों से अन्याय कर रही है। पटवारियों को काम न करने की नहीं बल्कि काम करने की सजा मिल रही है। गिरदावरी व खराबा की सभी पटवारियों ने अच्छे से रिपोर्ट तैयार की थी। सभी ने अपना काम पूरी निष्ठा से किया, लेकिन बिना किसी वजह के उनके छह साथियों को निलंबित कर दिया है। इसके विरोध में स्टेट कमेटी की ओर से हड़ताल का आह्वान किया गया है।
दो दिन की हड़ताल के कारण जिलेभर में 300 से ज्यादा इंतकाल लटक गए हैं। वहीं 2000 से ज्यादा रिहायशी, आय, जाति सहित अन्य प्रमाण व तस्दीक दस्तावेज लंबित हैं। काम न होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को भी लोग अपने काम के लिए कार्यालय पहुंचे, लेकिन यहां निराशा मिली। अधिकांश स्थानों पर उन्हें हड़ताल और काम न करने का पर्चा चस्पा मिला।
इस दौरान पहुंचे लोग कार्यालय में खड़े होकर अपने काम के लिए पटवारियों को कॉल मिलाते दिखाई दिए। वहीं, पटवारियों व कानूनगो के मोबाइल फोन भी दिनभर घनघनाते रहे। उन्होंने लोगों को हड़ताल होने की बात कहकर वापस लौटने को कहा। जिला प्रधान रामफल ने कहा कि राज्य कमेटी के आदेश का इंतजार है। इस दौरान पूर्व प्रधान अभिषेक कुमार, जिला संयोजक देवी चरण फौजी, अवतार सिंह, नरेंद्र, दीपक वालिया, अंकुश शर्मा, गौरव राणा, संदीप कुमार, मनिंद्र सिंह, गुरमीत सिंह, रवींद्र सिंह, सोवित सैनी, रणजीत सिंह उपस्थित रहे।