संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। यमुनानगर डिपो पर सोमवार को बस नहीं आने से आईटीआई और कॉलेज के विद्यार्थियों का सब्र जवाब दे गया। छछरौली के लेदी रूट की बस तय समय पर नहीं पहुंची तो परेशान छात्रों ने बस स्टैंड के मुख्य गेट पर करीब 15 मिनट तक जाम लगा दिया। जाम के कारण बस स्टैंड के अंदर खड़ी बसें न तो बाहर जा सकीं और न ही बाहर से अंदर प्रवेश कर सकीं।
छात्रों के अनुसार दोपहर दो बजे लेदी रूट की बस का निर्धारित समय था। मानकपुर की ओर जाने वाले रूट पर बैठे प्रदीप और अनुराधा ने बताया कि वे दोपहर दो बजे से बस स्टैंड पर बैठे थे, लेकिन काफी देर तक बस नहीं आई। बार-बार पूछताछ करने पर भी रोडवेज कर्मचारियों की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।
छात्रों का आरोप है कि रोडवेज अधिकारी अपनी मर्जी से बसों का संचालन करते हैं। कभी चालक तो कभी परिचालक के न होने का बहाना बनाकर बसें रद्द कर दी जाती हैं। छात्रों ने आरोप लगाया कि जो बस लेदी के लिए चलनी थी, उसका परिचालक दूसरी बस में सवार होकर अपने घर चला गया। बाद में पता चला कि लेदी रूट की बस के लिए चालक उपलब्ध नहीं था, जिस कारण उस दिन बस का संचालन ही नहीं किया गया।
इससे छात्रों का गुस्सा और बढ़ गया। करीब शाम छह बजे छात्रों ने बस स्टैंड के गेट पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। डायल 112 की टीम ने छात्रों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने रोडवेज अधिकारियों से बात कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद छात्रों ने जाम खोल दिया।
छात्रों ने बताया कि बस स्टैंड से लेदी, सलेमपुर और गार्डवाली के लिए तीन रोडवेज बसें चलती हैं और ये तीनों ही बसें लेदी से होकर जाती हैं। इसके बावजूद बसों की संख्या कम होने के कारण उन्हें रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती है। सुबह कॉलेज और आईटीआई पहुंचना मुश्किल हो जाता है, वहीं लौटने के लिए भी घंटों इंतजार करना पड़ता है।