संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों गुणवत्ता जानने के लिए मेयर सुमन बहमनी ने सहायक अभियंता सुरेंद्र दहिया, पार्षद संदीप धीमान, कनिष्ठ अभियंता तुलसी, विकास गर्ग व अन्य अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन चांदपुर रोड का निरीक्षण किया। यहां करीब 22 लाख रुपये की लागत से 250 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कंक्रीट (आरसीसी) से कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता सुरेंद्र दहिया ने मेयर को बताया कि सड़क निर्माण कार्य तेजी से जारी है। अब तक लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है और शेष कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है तथा तय तकनीकी मानकों के अनुसार कार्य करवाया जा रहा है।
मेयर ने सड़क निर्माण की प्रगति का जायजा लेते हुए सड़क की मोटाई, गुणवत्ता और निर्माण सामग्री के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और संबंधित एजेंसी को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और कार्य पूरी पारदर्शिता व गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
मेयर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता है। लोगों को लंबे समय तक टिकाऊ सड़क सुविधा मिले, इसके लिए गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्माण कार्य के दौरान सड़क सुरक्षा नियमों की पालना सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। पार्षद संदीप धीमान तथा क्षेत्र के अन्य निवासियों ने सड़क निर्माण कार्य पर संतोष जताया।