संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। जल्हु माजरा से शेखुमाजरा जाने वाली सड़क निर्माण के मात्र दो दिन बाद ही उखड़नी शुरू हो गई है। इससे ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि अभी मात्र दो दिन पहले सड़क बनी थी और अब बजरी उखड़ना शुरू हो गई है। ऐसे में यह सड़क कितने दिन चलेगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
ग्रामीण नरेश, मुकेश, इरफान, राकेश आदि ने बताया की जल्हु माजरा से शेखुमाजारा तक बनाई गई लगभग सवा किलोमीटर की तारकोल की सड़क दो दिन पहले ही बनाई गई थी और दो दिन में ही सड़क की बजरी निकलकर बाहर आने लगी है। ग्रामीणों ने बताया की ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण में तारकोल नाममात्र का लगाया गया है। उन्होंने गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जांच व दोबारा से सड़क निर्माण की मांग की है। उन्होंने बताया की कई वर्षों बाद तो इस लिंक रोड का निर्माण कार्य हुआ था। ग्रामीणों ने नव निर्मित सड़क पर पहुंचकर रोष जाहिर किया है।
इस बारे में पीडब्ल्यूडी एसडीओ गिरीश का कहना है कि जल्हु माजरा से शेखू माजरा तक सड़क का निर्माण दो दिन पहले कराया गया है। पहले भी ग्रामीणों ने सड़क निर्माण रुकवाया था। ताजा बनी सड़क कई बार उखड़ जाती है। जेई को भेज सड़क को दोबारा चेक कराया जाएगा। अगर सड़क में कमी पाई गई तो दोबारा निर्माण कराया जाएगा।