संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला सचिवालय में शुक्रवार को विधानसभा समिति की ओर से अनुसूचित जातियों, जनजातियों एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण के हितों में चलाई जा रही योजनाओं की विस्तृत जानकारी देने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता यमुनानगर विधानसभा समिति के अध्यक्ष एवं नीलोखेड़ी विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने की।
कबीरपंथी ने महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती योजना के तहत हुए कार्य, अनुसूचित जाति के लोगों द्वारा दर्ज करवाई गई एफआईआर में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई व विवाह शगुन योजना के तहत दिए गए अनुदान आदि के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान कई विभागों की रिपोर्ट निराशाजनक रही। जिससे पता चला कि अनुसूचित जाति के लोगों को सरकार की सुविधाओं का समय पर लाभ ही नहीं मिला।
बिजली निगम, जनस्वास्थ्य विभाग और पंचायत विभाग को जो काम करवाने थे वह सालों से लंबित हैं। जिनमें कोई प्रगति नहीं दिखी। अधिकारियों ने कभी बजट न होने की बात को दोहराया तो कभी अन्य बात कह कर मामले को निपटाने का प्रयास किया। जिस पर यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने भी अधिकारियों द्वारा किए गए कार्याें पर सवालिया निशान लगाया।