संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। ट्रामा सेंटर के नवीनीकरण का कार्य छह माह से अधर में लटका हुआ है। जिस एजेंसी को ट्रामा सेंटर में सिविल वर्क करना था वह 40 प्रतिशत कार्य पूरा कर चुकी है। इलेक्ट्रिक कार्य नहीं होने से काम बीच में ही रोकना पड़ा।
अब निविदा लगाने के बाद जल्द ही ट्रामा सेंटर के नवीनीकरण का कार्य पूरा होने की उम्मीद जग गई है। पीडब्ल्यूडी (इलेक्ट्रिक विंग) ने ट्रामा सेंटर में होने वाले इलेक्ट्रिक कार्यों की निविदा लगाने के बाद एजेंसी को वर्क अलॉट कर दिया है। इसके बाद एजेंसी के कर्मचारी ट्रामा सेंटर का दौरा कर चुके है। अधिकारी एक से डेढ़ माह में कार्य पूरा होने की बात कह रहे हैं।
जानकारी के अनुसार ट्रामा सेंटर के नवीनीकरण पर करीब 47 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यह राशि स्वास्थ्य विभाग ने वर्ष 2024 में ही जमा करवा दी थी, इसके बाद कांट्रेक्टर ने अगस्त माह में ट्रामा सेंटर की मरम्मत शुरू कर दी थी। नवीनीकरण का 50 प्रतिशत कार्य होने पर विभाग को इस भवन में इलेक्ट्रिक कार्य कराने की याद आई।
इसके बाद पीडब्ल्यूडी के इलेक्ट्रिक विंग ने ट्रामा सेंटर के भवन में नई तार डालने, सुरक्षा उपकरण समेत अन्य कार्य करने के लिए करीब 32 लाख रुपये का एस्टीमेट बनाकर स्वास्थ्य विभाग को दे दिया था। यह राशि भी स्वास्थ्य विभाग ने जमा करवा दी थी। 32 लाख रुपये से ट्रामा सेंटर में बिजली के नए तार, सीसीटीवी के तार, नेटवर्किंग, गैस लाइन, एसी लाइन व फायर सेफ्टी समेत अन्य कार्य होने हैं। अधिकारियों ने निविदा लगाने में कई माह निकाल दिए। 13 फरवरी को टेंडर लगाया गया था, जिसका कार्य अब एजेंसी को अलॉट किया गया है। छह माह पहले पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने इलेक्ट्रिक कार्य पूरा होने तक सिविल वर्क का काम रुकवा दिया था।
यदि इलेक्ट्रिककार्य का टेंडर समय पर हो गया होता तो जनवरी माह में ही नवीनीकरण का कार्य भी पूरा हो गया होता। पीडब्ल्यूडी इलेक्ट्रिक विंग अंबाला के एक्सईएन नवीन राठी ने बताया कि इलेक्ट्रिक कार्य के लिए टेंडर होने के बाद एजेंसी को वर्क अलॉट कर दिया है। एजेंसी ने अपना काम शुरू कर दिया है। प्रयास यही रहेगा कि एक से डेढ़ माह में इलेक्ट्रिक का सारा काम पूरा हो जाए।