यमुनानगर। जो उम्र खेलने कूदने की है, उस उम्र में मां बनना किसी भी लिहाज से ठीक नहीं है। यह किशोरी के लिए दर्दनाक ही नहीं बल्कि जिंदगी भर का नासूर भी बन जाएगा। इसलिए परिवारवालों की काउंसलिंग और डॉक्टरों की राय के बाद दुष्कर्म पीड़िता गर्भवती किशोरी का गर्भपात करवाया जाएगा। चाइल्डलाइन की निदेशिका अंजू बाजपेयी का कहना है कि डॉक्टरों ने राय दी है कि डिलीवरी और गर्भपात दोनों स्थिति में किशोरी और गर्भ में पल रहे बच्चे को खतरा है। मेडिकल जांच के बाद तय किया गया है कि किशोरी का गर्भपात ही किया जाना ही ठीक रहेगा।
डॉक्टरों की सलाह पर चाइल्ड लाइन की टीम भी सहमत हो गई है। दरअसल एक कॉलोनी में रहने वाली 13 साल की बच्ची के साथ उसके जानकार पति पत्नी ही पैसे और नशे के लालच में दुष्कर्म करवाते थे। जिसके चलते वह गर्भवती हो गई। मामले का खुलासा जब उसे शारीरिक दिक्कत हुई। 13 साल की मासूम लड़की के साथ दुष्कर्म करने के मामले में शिवनगर कैंप निवासी सुनील को पुलिस ने शुक्रवार देर रात गिरफ्तार किया है। वहीं, देर शाम ममीदी निवासी नूर मोहम्मद व बिलासपुर निवासी अमन कुमार को गिरफ्तार किया गया था। इन्होंने सोनू को रुपये देकर किशोरी से संबंध बनाए थे। तीनों आरोपियों को गांधी नगर पुलिस ने शनिवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उधर, आरोपी सोनू व उसकी पत्नी रीटा उर्फ रिया को पुलिस ने रिमांड पर लिया है। बताया जा रहा है कि किशोरी से आठ से दस युवकों ने संबंध बनाए हैं। रविवार को आरोपी सोनू व सोमवार को रीटा उर्फ रिया का रिमांड खत्म होगा।
गांधी नगर थाना प्रभारी जसबीर सिंह का कहना है कि शुक्रवार रात को गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। रिमांड पर चल रहे सोनू व उसकी पत्नी रीटा से पूछताछ की जा रही है।