रादौर। नगरपालिका के नवनिर्वाचित पार्षदों की दूसरी बैठक शुक्रवार को नपा कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में 14 पार्षदों में से 12 पार्षदों ने भाग लिया। नपा सचिव सुरेंद्र मलिक की देखरेख में आयोजित हुई बैठक में शहर के विकास के संबंध में कई प्रस्ताव पास किए गए। बैठक में वार्ड नंबर 14 की बकाना रोड पर स्थित महेंद्र सिंह डेरा कॉलोनी का नाम बदलकर संत कबीर नगर किया गया। वहीं शहर के वार्ड नंबर 13 की वाल्मीकि बस्ती का नाम बदलकर डॉ. भीमराव अंबेडकर नगर व शहर की पटाक माजरी का नाम बदलकर संत रविदास नगर किए जाने का प्रस्ताव पास किया गया।
इसके अलावा शहर के मंडी चौक से लेकर नामदेव चौक तक के सड़क मार्ग, सरकारी अस्पताल से नगरखेडे तक, थाना चौक से आश्रम चौक तक के सड़क मार्ग को स्मार्ट रोड बनाने का प्रस्ताव पास किया गया। वहीं शहर में पुराने बस स्टैंड से नगरपालिका कार्यालय तक सड़क पर डिवाइडर लगाने, अधूरे पड़े खेल स्टेडियम को बनाने, पशुओं के लिए जिले में पहला अनुसंधान केंद्र छोटाबांस में बनाए जाने के लिए पशुपालन विभाग को 3 एकड़ भूमि लीज पर दिए जाने का प्रस्ताव पास किया गया। बैठक में फाइनेंस कमेटी में नपा सचिव, चेयरमैन, सीनियर पार्षद भगवतदयाल व रविंद्र कुमार को सदस्य नियुक्त किया गया। शहर के दोनों पार्कों में विकास कार्यों के लिए 10-10 लाख रुपये मंजूर किए गए। इस मौके पर नपा सचिव सुरेंद्र मलिक, चेयरमैन रजनीश मेहता शालु, सीनियर पार्षद जसवंत सिंह, सीनियर पार्षद भगवतदयाल कटारिया, बेअंत कौर, बबली सैनी, दलजीत कौर, राजीव आर्य सन्नी, ऋषिपाल नंबरदार, श्रीकांत मोंटी, संदीप छोटाबांस, रविंद्र सैनी, विनिश राणा जुगनू आदि मौजूद रहे। संवाद