एक कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने गांधीनगर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने दो बच्चों व पत्नी के साथ किराये पर रहता है। वह क्षेत्र की एक प्लाईवुड फैक्टरी में काम करता है, जबकि उसकी पत्नी घरों में काम करती है। उसकी 13-14 साल की बड़ी लड़की सरकारी स्कूल में छठी कक्षा में पढ़ती है। उसकी तबीयत कई दिन से खराब चल रही थी। जब उसकी मां ने उससे इस बारे में पूछा तो उसने बताया हमारे मकान के साथ पहले एक दंपती किराये पर रहता था लेकिन अब वह वहां से चला गया है।
आरोपी महिला उसे अपने घर बुलाकर ले जाती थी। दोनों उसे बाइक पर बिठाकर घुमाने के बहाने दूसरे स्थान पर ले जाता था। सबसे पहले आरोपी महिला व उसके पति ने उसे एक लड़के के साथ कमरे में बंद कर दिया। जहां आरोपी युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। लगातार वे पति पत्नी बच्ची को अलग-अलग स्थानों पर अलग-अलग लड़कों से गलत काम करवाने ले जाती थी।
यह भी पढ़ें- कैमरे में कैद घटना : हरियाणा में घर लौट रही बुजुर्ग महिला पर सांड ने बोला हमला, पटक कर ले ली जान
पीड़िता ने परिवार को बताया आरोपी उसे दोपहर के समय ले जाता था। रात को लेकर आता था। बेटी की तबीयत खराब होने पर 12 अप्रैल को पीड़िता के परिवार ने आरोपी महिला से बात की तब उसने कहा कि चिंता की कोई बात नहीं है। दवाई लेने से सब ठीक हो जाएगा। इतना ही नहीं पीड़िता के माता-पिता को जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता के मुताबिक वह आरोपियों को पहचान सकती है। पीड़िता का मेडिकल कराने पर वह छह माह के गर्भ से निकली है। पुलिस ने मामले में आरोपी दंपती को नामजद करते हुए कुछ अन्य लड़कों पर केस दर्ज किया है। गांधीनगर थाना प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता की शिकायत पर मामला दर्जकर लिया है। महिला जांच अधिकारी के माध्यम से मामले की जांच की जा रही है। मेडिकल करवाया गया है। चाइल्ड हेल्पलाइन भी मामले की देखरेख कर रहा है। जल्द ही आरोपियों को पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
बच्ची के साथ बहुत ही गलत हुआ है। उसने लगातार शारीरिक संबंध बनाए जाने का खुलासा किया है। आरोपी पति पत्नी रुपये कमाने के लिए उससे गलत काम करवाते थे या फिर कोई और वजह थी, यह तो जांच का विषय है। बच्ची करीब छह माह की गर्भवती है, इसलिए उसका गर्भपात भी नहीं करवाया जा सकता। फिलहाल बच्ची की काउंसलिंग की जा रही है। अंजू बाजपेयी, चाइल्ड लाइन निदेशिका, यमुनानगर।