संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर में घरों से कूड़ा उठाने का नया ठेका पूजा कंसलटेशन एजेंसी को दिया जा चुका है। एजेंसी को दो सितंबर को काम शुरू करना था। एजेंसी अभी तक न तो पर्याप्त स्टाफ का इंतजाम कर पाई और न ही संसाधनों का। उठान न होने से शहर में कूड़े के ढेर लग चुके हैं। कूड़ा नहीं उठने पर लोगों पार्षदों के पास लगातार फोन कर रहे हैं।
पुराना ठेका खत्म होने के बाद घरों से कूड़ा एकत्रित करने, शहर से उठाने और कैल स्थित प्लांट में निस्तारण का कार्य अब पूजा कंसलटेशन एजेंसी को करना है। करीब 21 करोड़ 60 लाख रुपये में एजेंसी को ठेका दिया गया है। नए टेंडर में दावा तो यह किया गया था कि इस बार जो भी एजेंसी काम लेगी उसे पहले से ज्यादा स्टाफ व संसाधनों का प्रबंध करना होगा।
तीन दिन बीत जाने के बाद भी लोगों के घरों से कूड़ा उठाना शुरू नहीं हुआ है। कोई वाहन कॉलोनियों में नहीं आ रहा। लोग मजबूरी में कूड़े को अपने घर के आसपास खाली जगह या फिर सड़कों किनारे पर ही डाल रहे हैं। इससे गलियों समेत सभी सड़कों पर कूड़े के ढेर लग गए हैं। लगातार बारिश होने से कूड़ा पानी में भीग रहा है। इससे कूड़े से दुर्गंध आने लगी है। वहीं बारिश की वजह से कूड़े से निकल कर गंदा पानी सड़कों पर आ रहा है। इससे लोगों का आसपास से निकलना भी मुश्किल हो रहा है। शहरवासी विकास, संदीप, सुमित ने बताया कि एक सप्ताह से ज्यादा हो गया, कोई भी कूड़ा लेने नहीं आ रहा। मजबूरी में घर के बाहर खाली एरिया में कूड़ा डालना पड़ रहा है।
बिल्कुल नहीं हो रहा उठान : तिलक राज
वार्ड 12 के पार्षद तिलक राज ने बताया कि पहले तो दूसरे या तीसरे दिन गाड़ी कूड़ा उठाने के लिए आ रही थी। लेकिन, अब तो बिल्कुल भी नहीं आ रही। कूड़ा उठान न होने से लोग काफी परेशान हो गए हैं। नियमानुसार रोजाना ही कूड़े का उठान होना चाहिए। जब गाड़ी नहीं आती तो लोग खुले में ही कूड़ा डाल देते हैं, जिससे ढेर लगने लगे हैं।
वार्ड के लोगों के फोन आ रहे : जयंत
वार्ड तीन के पार्षद जयंत स्वामी का कहना है कि लोगों के फोन आ रहे हैं कि उनकी गली में कूड़ा लेने के लिए गाड़ी नहीं आ रही। इस बारे में नगर निगम अधिकारियों को फोन किया था तो बताया गया कि नई एजेंसी को व्यवस्था बनाने में थोड़ा समय लग रहा है। मेरे वार्ड में ग्रामीण क्षेत्र भी है। गांवों के लोग ज्यादा परेशान हैं।
वार्ड-18 में कई दिन गाड़ी नहीं आई : उज्ज्वल
वार्ड-18 के पार्षद उज्ज्वल ठाकुर का कहना है कि वार्ड में कूड़ा लेने के लिए गाड़ी कई दिनों से नहीं आ रही है। वार्ड में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं। लोग जहां देखा वहीं पर कूड़ा डाल देते हैं। इससे नगर निगम के कर्मचारियों पर भी बोझ बढ़ गया है। क्योंकि उन्हें सफाई करने में भी दिक्कत आ रही है।
नई एजेंसी ने काम संभाल लिया है। एजेंसी को पोर्टल की कार्यप्रणाली व अन्य कार्यों से अवगत कराया जा रहा है। घरों से कूड़ा उठाने में कुछ दिन का समय लग सकता है। कूड़े का उठान शुरू करवा दिया है। जल्द ही सारी व्यवस्था पटरी पर आ जाएगी। - धीरज कुमार, अतिरिक्त निगम आयुक्त।