यमुनानगर। शहरवासियों से सीधा संवाद स्थापित करने और वार्ड स्तर की समस्याओं का समाधान करने को लेकर मेयर सुमन बहमनी ने शुक्रवार सुबह वार्ड नंबर सात के पार्षद प्रियांक शर्मा के साथ सेक्टर 17 में सुबह की सैर कर लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने सेक्टर 17 के स्वामी विवेकानंद पार्क में स्थानीय नागरिकों के साथ मुलाकात की उनके साथ व्यायाम किया।
मेयर ने संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। मेयर बहमनी ने पार्क में मौजूद बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं से बातचीत की। लोगों ने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, पार्क के रखरखाव, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर अपनी बात रखी। मेयर ने कहा कि वार्डों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा और नगर निगम जनता की सुविधा के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वच्छ वातावरण, दोनों एक बेहतर समाज की नींव हैं। यदि नागरिक स्वच्छता के प्रति जागरूक रहें और अपनी जीवनशैली में फिटनेस को अपनाएं तो शहर और समाज दोनों मजबूत बनेंगे। उन्होंने लोगों से घरों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, सूखा व गीला कचरा अलग अलग करके निगम के वाहनों में डालने, दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।