यमुनानगर। मेयर सुमन बहमनी ने मंगलवार को उप निगम आयुक्त कुलदीप मलिक, वार्ड 15 की पार्षद मनु सिंगला, कनिष्ठ अभियंता नरेंद्र, भाजपा नेता कृष्ण सिंगला के साथ जवाहर मार्केट में पहली मंजिल पर बने पुराने डाकखाने के भवन का जायजा लिया। निरीक्षण में भवन जर्जर हालत में मिला। मेयर ने निगम अधिकारियों को भवन का नवीनीकरण कर इसका सदुपयोग करने और इसकी बोली लगाकर नियमानुसार दुकानदारों को देने के निर्देश दिए। इस दौरान मेयर ने मार्केट के दुकानदारों की समस्याएं सुनी और उनका समाधान करने के अधिकारियों को निर्देश दिए।
मार्केट के दुकानदारों ने मेयर से मिलकर रेलवे स्टेशन के पास जवाहर मार्केट में पहली मंजिल पर बने पुराने डाकखाने के भवन को दुरुस्त कराने की मांग रखी थी। दुकानदारों ने बताया था कि उनकी दुकानें इस भवन के नीचे भूतल पर है। उनकी दुकानें 30 से 40 साल पुरानी है। मुख्यमंत्री शहरी निकाय स्वामित्व योजना के तहत अब वे इन दुकानों के मालिक है। डाकखाना यहां से जाने के बाद उनकी दुकानों के ऊपर बना भवन देखरेख के अभाव में जर्जर हो चुका है। भवन जर्जर होने के कारण बारिश का पानी उनकी दुकानों में आता है। उन्हें हर समय भवन के धराशायी होने के डर सताता है। उनकी मांग है कि इस भवन की बोली लगाकर दुकानदारों को दिया जाए। ताकि दुकानदार इसकी मरम्मत कराकर अपना काम कर सके। दुकानदारों की मांग पर मंगलवार को मेयर सुमन बहमनी निगम अधिकारियों के साथ मार्केट पहुंची और भवन का जायजा लिया। इस दौरान पार्षद मनु कृष्ण सिंगला ने बताया कि हाल में 11 अगस्त को हुई नगर निगम सदन की बैठक में यह प्रस्ताव रखा गया था। जिसमें जवाहर मार्केट की पहली मंजिल पर बने पुराने डाकखाने के हाल को भूतल पर बनी दुकानों के अनुरूप बनाकर दुकानदारों को नियमानुसार देने का प्रस्ताव था। सदन की सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया गया था। मेयर ने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस भवन का सदुपयोग किया जाए। जो प्रस्ताव पास है, उसके तहत इसकी बोली लगाकर इसे दुकानदारों को दिया जाए। ताकि वे इसका उपयोग कर सके। इस दौरान मेयर ने सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। मेयर सुमन बहमनी ने दुकानदारों को बताया कि हमारा हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान चला हुआ है। जिसके तहत बुधवार को यहां स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। सभी दुकानदार भी इस अभियान में भाग ले और अपने शहर को सुंदर, साफ व स्वच्छ बनाने में सहयोग करें।