संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। प्रतापनगर से पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर अराइयांवाला गांव के पास चल रहे शराब के ठेके को आकारी एवं कराधान विभाग ने सील कर दिया। शराब का ठेका एक्साइज पॉलिसी में तय नेशनल हाईवे से दूरी के अंदर रखा हुआ पाया गया। इसके साथ ठेके में स्टॉक व अन्य और भी बहुत कमियां सामने आई। ठेके में रखी शराब के सैंपल भी लिए गए हैं।
आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर अनिल सैनी ने बताया कि उच्च अधिकारियों के दिशा निर्देश पर अराइयांवाला गांव के पास नेशनल हाईवे पर चल रही शराब की दुकान की नेशनल हाईवे से दूरी की जांच की गई। जिसमें पाया गया कि यह शराब की दुकान नेशनल हाईवे से महज 120 मीटर दूर है, जबकि पॉलिसी के तहत नेशनल हाईवे से शराब की दुकान 220 मीटर दूर होनी चाहिए।
इसके साथ दुकान में रखी शराब के सैंपल दिए गए और स्टॉक रजिस्टर में भी खामियां मिली है। आबकारी विभाग की तरफ से कार्रवाई करते हुए शराब की दुकान को सील कर दिया गया है। आगे भी अभियान चलाकर नेशनल हाईवे पर चल रही शराब की दुकान पर कार्रवाई की जाएगी।